टीम इंडिया में जयदेव उनादकट की वापसी दिनेश कार्तिक से नहीं हो रही बर्दाश्त! - क्रिकट्रैकर हिंदी

टीम इंडिया में जयदेव उनादकट की वापसी दिनेश कार्तिक से नहीं हो रही बर्दाश्त!

ये क्या, जयदेव उनादकट की भारत वापसी के साथ ही टीम से ड्रॉप किए जाने की भविष्यवाणी कर रहे हैं दिनेश कार्तिक!

Dinesh Karthik and Jaydev Unadkat (Image Source: Getty Images/Instagram)
Dinesh Karthik and Jaydev Unadkat (Image Source: Getty Images/Instagram)

सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट 12 साल बाद पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में वापस बुलाए जाने से बेहद उत्साहित हैं, लेकिन ऐसा लग रहा है कि अनुभवी भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक से अनुभवी तेज गेंदबाज की खुशी देखी नहीं जा रही है।

दरअसल, जयदेव उनादकट को बांग्लादेश के खिलाफ 14 दिसंबर से चटोग्राम में शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के भारत के स्क्वॉड में जगह दी गई है, जिसके बाद से सभी उन्हें बधाई दे रहे हैं, और कह रहे हैं कि वह इस मौके के हकदार हैं, खासकर घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन देखते हुए। इस बीच, दिनेश कार्तिक ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से पहले उनादकट की खुशी को किरकिरा कर देने वाला बयान दिया है।

‘जयदेव उनादकट को नहीं मिलने वाला बांग्लादेश दौरे पर मौका’

कार्तिक ने कहा उनादकट को शायद ही उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर जैसे स्टार्स को दरकिनार कर बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा। उन्होंने यहां तक कह दिया है कि उनादकट को बांग्लादेश दौरे पर एक भी मैच नहीं मिलने वाला, और उनका जल्द भारतीय क्रिकेट टीम से दोबारा ड्रॉप किया जाना तय है, जिसका कारण जसप्रीत बुमराह या मोहम्मद शमी की वापसी होगा।

दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज के हवाले से कहा, ‘सच कहूं तो मुझे नहीं लगता है कि जयदेव उनादकट इस टेस्ट सीरीज में खेलने का मौका मिलेगा, क्योंकि भारत के पास उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर जैसे गेंदबाज मौजूद हैं। मुझे इस चीज की भी काफी संभावनाएं नजर आ रही है कि उन्हें बांग्लादेश दौरे पर खेलने का मौका नहीं मिलेगा और यह ठीक भी है।’ आपको बता दें, उनादकट ने भारत के लिए एकमात्र टेस्ट मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 2010 में खेला था।

वहीं, भारतीय क्रिकेटर ने यहां तक दावा किया कि सौराष्ट्र के तेज गेंदबाज को फरवरी-मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली घरेलु टेस्ट सीरीज के लिए नहीं चुना जाएगा। कार्तिक ने अंत में कहा कि ‘उनादकट को घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए चुना गया है, जो सबसे ज्यादा मायने रखता है। लेकिन जसप्रीत बुमराह या मोहम्मद शमी के वापस आने से हो सकता है कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए टीम में जगह न मिले। भारत उनसे आगे बढ़ने का सोच सकता है।’

close whatsapp