वर्ल्ड कप 2023 की तैयारी के लिए न्यूजीलैंड का बड़ा फैसला, इस टीम के साथ खेलेगी सीरीज
2013 के बाद पहली बार बांग्लादेश में वनडे और टेस्ट सीरीज खेलेगी कीवी टीम।
अद्यतन - Aug 17, 2023 5:49 pm

न्यूजीलैंड की टीम वर्ल्ड कप 2023 से पहले बांग्लादेश का दौरा करेगी। दोनों टीमों के बीच यह दौरा काफी ऐतिहासिक होने वाला है, दरअसल 2013 के बाद पहली बार दोनों टीमें भिड़ने जा रही हैं। आगामी वर्ल्ड कप के लिहाज से दोनों टीमों के लिए ये तीन मैचों की वनडे सीरीज काफी महत्वपूर्ण है। दोनों टीमें इस सीरीज के जरिए आगामी आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के लिए बेहतर रणनीति बनाने का काम करेंगी।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ब्लैककैप्स दौरे के लिए एक पूर्ण कार्यक्रम का अनावरण किया है, जिसमें एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय (वनडे) और टेस्ट मैच दोनों शामिल हैं। सीरीज के सभी टेस्ट मुकाबले, जो मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र का हिस्सा है वो वर्ल्ड कप के 2023 के समापन के बाद नवंबर-दिसंबर में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए बांग्लादेश बोर्ड ने किए कुछ अहम ऐलान
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि, “बीसीबी ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए कार्यक्रम की घोषणा की है जिसमें तीन वनडे और दो टेस्ट शामिल हैं। वनडे सीरीज आईसीसी क्रिकेट विश्व कप भारत 2023 से पहले ओर टेस्ट सीरीज वर्ल्ड कप के बाद खेली जाएगी। यह 2013 के बाद बांग्लादेश में न्यूजीलैंड की पहली वनडे और टेस्ट सीरीज होगी। टेस्ट मुकाबले 2023-25 आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा हैं और नए चक्र में बांग्लादेश के लिए पहली डब्ल्यूटीसी सीरीज है।”
यह दौरा 21 सितंबर को मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले पहले वनडे के साथ शुरू होगा। शेष वनडे मैच सितंबर में उसी मैदान पर खेला जाएंगे। जहां तक टेस्ट मैचों की बात है, तारीखें नवंबर के अंत और दिसंबर की शुरुआत में निर्धारित की गई हैं, लेकिन इसके लिए अभी तक मैदानों के नाम सामने नहीं आए हैं।
आपको बता दें, कीवी टीम इस वनडे सीरीज के बाद आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में भाग लेती हुई दिखेगी। उनका अभियान 5 अक्टूबर को अहमदाबाद में मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होगा। दूसरी ओर, बांग्लादेश 7 अक्टूबर को धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा।