ENG vs AUS: ‘बिना दिमाग के बैटिंग करते हैं…’- बल्लेबाजों का प्रदर्शन देख इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी ने पकड़ लिया सिर
तीसरे दिन के अंत तक ऑस्ट्रेलिया ने 221 रनों की बढ़त बना ली है।
अद्यतन - Jul 1, 2023 2:43 pm

एशेज सीरीज (Ashes Series) का दूसरा टेस्ट मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस वक्त लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरे टेस्ट में भी पूरी तरह से इंग्लैंड पर हावी होते हुए नजर आ रही है। पहली इनिंग में ऑस्ट्रेलिया ने 416 रन बोर्ड पर लगाए। जिसके बाद इंग्लैंड पहली पारी में 325 रनों पर ऑलआउट हो गई। दूसरे दिन के खेल के बाद हैरी ब्रूक (45 रन) और कप्तान बेन स्टोक्स (17 रन) पर क्रीज पर मौजूद थे।
लेकिन तीसरे दिन की शुरूआत होते ही दोनों बल्लेबाज विकेट गंवा बैठे। इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी ज्योफ्री बॉयकॉट हैरी ब्रूक के आउट होने के बाद निराशा में अपना मुंह छिपाते हुए नजर आए थे। अब अपने रिएक्शन को लेकर ज्योफ्री बॉयकॉट ने सोशल मीडिया के जरिए बड़ा बयान दिया है।
हैरी ब्रूक पर भड़के ज्योफ्री बॉयकॉट
पहली पारी में इंग्लैंड के लिए बेन डकेट ने 134 गेंदो में 98 रन और जैक क्रॉली ने 48 गेंदो में 48 रनों की पारी खेली थी। वहीं ओली पोप ने (42 रन) बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इंग्लैंड दूसरे दिन के अंत तक 278 रन पर 4 विकेट गंवा चुका था। जिसके बाद युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी थी। हैरी ब्रूक आक्रमक भरे शॉट खेलते हुए नजर आ रहे थे।
लेकिन इसी दौरान वह ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को कैच दे बैठे। हैरी ब्रूक को फिर (50 रन) पर पवेलियन लौटना पड़ा। वायरल रिएक्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए ज्योफ्री बॉयकॉट ने ट्विटर पर लिखा, ‘हां ऐसा होता है, बिना दिमाग के बल्लेबाजी करते हैं। मैं अपने कप्तान माइक ब्रियरली से बातचीत कर रहा था।’
Yes it does, batting without brains. Chatting to my captain Mike Brearley https://t.co/gJMmUEPrbn
— Sir Geoffrey Boycott (@GeoffreyBoycott) June 30, 2023
ऑस्ट्रेलिया ने बना ली है 221 रनों की बढ़त
ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन के अंत तक दूसरी पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 130 रन बना लिए हैं और 221 रनों की बढ़त बना ली है। दूसरी पारी में भी टीम को अच्छी शुरूआत मिली। उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर के बीच पहले विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी हुई।
डेविड वॉर्नर (25 रन) पर जोश टंग के शिकार बन गए। जिसके बाद मार्नस लाबुशेन 41वें ओवर मे (30 रन) पर जेम्स एंडरसन के हाथों विकेट गंवा बैठे। उस्मान ख्वाजा तीसरे दिन के बाद (58 रन) और स्टीव स्मिथ (6 रन) पर नाबाद क्रीज पर मौजूद है।