बीबीएल 2022-23: मेलबर्न स्टार्स और एमसीजी ने दिवंगत शेन वार्न को किया सम्मानित; देखिए वीडियो
मेलबर्न स्टार्स ने होबार्ट हरिकेंस को 38 रनों से मात देकर दिवंगत शेन वार्न को परफेक्ट ट्रिब्यूट दिया।
अद्यतन - दिसम्बर 16, 2022 5:57 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के दिवंगत महान स्पिनर शेन वार्न की पसंदीदा बिग बैश लीग (बीबीएल) टीम मेलबर्न स्टार्स ने 16 दिसंबर को आइकोनिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में उनके निधन के बाद पहला मैच खेला, और खिलाड़ियों से लेकर फैंस ने इस बीबीएल 12 मैच को यादगार बनाया।
मेलबर्न स्टार्स ने जारी बीबीएल 2022-23 के चौथे मैच में होबार्ट हरिकेंस को 38 रनों से मात देकर दिवंगत शेन वार्न को परफेक्ट ट्रिब्यूट दिया। दरअसल, इस BBL 12 मैच के दौरान मेलबर्न स्टार्स ने ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर को उनकी जर्सी नंबर 23 को स्थायी रूप से रिटायर कर उन्हें उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।
शेन वार्न को मेलबर्न स्टार्स ने किया सम्मानित
इस मैच के दौरान मेलबर्न स्टार्स के प्रत्येक खिलाड़ी ने 23 नंबर की जर्सी पहनकर होबार्ट हरिकेंस का सामना किया, जो इस क्लब के साथ वार्न का जर्सी नंबर था। इसके अलावा, मैच की 23वीं गेंद के बाद एक स्टैंडिंग ओवेशन रखा गया, जहां एमसीजी में मौजूद प्रत्येक सदस्य ने खड़े होकर तालियां बजाकर शेन वार्न को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले एमसीजी में इमोशनल ट्रिब्यूट के रूप में दिग्गज लेग स्पिनर की जर्सी को रिटायर किया गया।
आपको बता दें, शेन वार्न ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से मेलबर्न स्टार्स के लिए काफी समय तक बीबीएल में खेला और इस ट्रिब्यूट सेरेमनी के दौरान स्टेडियम में मौजूद प्रशंसकों ने दिवंगत दिग्गज के लिए अपार प्यार और सम्मान दिखाया। इस दौरान मेलबर्न स्टार्स के लिए शेन वार्न की जर्सी नंबर 23 की एक तस्वीर बड़े एलईडी स्क्रीन पर दिखाई गई, जिसे देख फैंस काफी इमोशनल हो गए थे।
बिग बैश लीग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने इस इमोशनल क्षण का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया, जहां फैंस और खिलाड़ी उनके सम्मान में खड़े होकर तालियां बजाते हुए नजर आ रहे हैं। आपको बता दें, शेन वार्न का इस साल 4 मार्च को थाईलैंड में छुट्टियां बिताने के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उन्हें हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में उनके अपार योगदान के लिए स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया हॉल ऑफ फेम में ‘लीजेंड’ का दर्जा दिया गया।
यहां देखिए स्पिन किंग को दी गई श्रद्धांजलि का वीडियो –
A fitting tribute to The King at the 23rd ball 💚👑 #BBL12 pic.twitter.com/cExoLDSWXS
— KFC Big Bash League (@BBL) December 16, 2022