BBL 2023-24: आरोन हार्डी को पर्थ स्कॉरचर्स का स्टैंड-इन कप्तान नियुक्त किया गया
पर्थ स्कॉरचर्स के रेगुलर कप्तान एश्टन टर्नर चोटिल होने की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - Dec 24, 2023 2:14 pm

युवा ऑलराउंडर आरोन हार्डी को पर्थ स्कॉरचर्स ने बिग बैश लीग 2023-24 संस्करण के बचे हुए मुकाबलों में टीम का स्टैंड-इन कप्तान नियुक्त किया है। यही नहीं जोश इंग्लिस को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
बता दें, पर्थ स्कॉरचर्स के रेगुलर कप्तान एश्टन टर्नर चोटिल होने की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बिग बैश लीग के इस संस्करण में पर्थ स्कॉरचर्स और होबार्ट हरिकेनस के बीच 20 दिसंबर को हुए मुकाबले के दौरान जब टर्नर गेंदबाजी करने के लिए आए थे तब गेंद फेंकते समय उनके घुटने में चोट लग गई थी जिसके बाद वो मैदान से बाहर चले गए थे।
उम्मीद लगाई जा रही थी कि टर्नर की चोट ज्यादा गंभीर नहीं होगी लेकिन ऐसा नहीं था। उन्हें ठीक होने में काफी समय लगेगा और इसी वजह से टर्नर को इस पूरे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
पर्थ स्कॉरचर्स के मुताबिक आरोन हार्डी ने कहा कि, ‘सबसे पहले मैं यही दुआ करूंगा कि हमारे टीम के रेगुलर कप्तान जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक हो जाए। वो एक अच्छे कप्तान के अलावा जबरदस्त खिलाड़ी भी हैं और वो काफी लंबे समय से टीम की कप्तानी कर रहे हैं। सच बताऊं तो उनकी अनुपलब्धता में टीम के कप्तानी करना मेरे लिए काफी सम्मान की बात है और मैं आने वाली चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार हूं।’
हमारे पास काफी अनुभव है: आरोन हार्डी
आरोन हार्डी ने आगे कहा कि, ‘हमारे पास काफी अनुभव है और हमारी टीम सच में काफी मजबूत है। हमें टीम की तरह हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। हम लोग एक और टाइटल को अपने नाम जरुर करना चाहेंगे।’
पर्थ स्कॉरचर्स के मुख्य कोच एडम वोगस ने कहा कि, ‘टर्नर हमारी टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक है और उनको खोना हम सबके लिए काफी चिंता वाली बात है। आरोन हार्डी काफी अच्छे खिलाड़ी हैं और उन्होंने इस पूरे टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। वो पर्थ स्कॉरचर्स के अलावा वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से भी खेल चुके हैं। उन्हें कोच से काफी साथ मिलेगा और उपकप्तान जोश इंग्लिस भी उन्हें काफी नई चीजों के बारे में बताएंगे।’