क्रिस लीन के साथ ब्रिस्बेन हीट की टीम ने किया धोखा, अगले सीजन से पहले टीम से किया बाहर!
11 साल के लंबे अंतराल में लिन ने ब्रिसबेन के लिए 102 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 50 मुकाबलों में उन्होंने कप्तानी भी की है।
अद्यतन - May 11, 2022 5:18 pm

बिग बैश लीग (बीबीएल) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बीबीएल की फ्रेंचाइजी ब्रिसबेन हीट (बीएच) ने क्रिस लिन से अपना 11 साल पुराना साथ खत्म कर दिया है। अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत कई गेंदबाजों को लंबे-लंबे छक्के जड़ने और अपनी टीम को अकेले दम पर कई मैच विनिंग प्रदर्शन करंव वाले लिन बीबीएल के 11वें संस्करण में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे और उनकी टीम उस सीजन अंक तालिका में 7वें पायदान पर थी।
लिन ने 2021-22 सत्र में टीम की कप्तानी छोड़ दी थी जिसके बाद जिमी पीयरसन को कप्तानी सौंपी गई। बता दें 11 साल के लंबे अंतराल में लिन ने ब्रिसबेन के लिए 102 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 50 मुकाबलों में उन्होंने कप्तानी भी की है। उन्होंने बीबीएल में 3000 से अधिक रन बनाए हैं जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है लेकिन पिछले संस्करण में वो आउट ऑफ फॉर्म रहे और वो 12 मुकाबलों में मात्र 215 रन ही बना सके।
क्रिकबज की माने तो ब्रिसबेन टीम के सीईओ ने कहा कि, यह एक ऐसा निर्णय नहीं है जो टीम ने बड़े आसानी से लिया है। क्रिस लिन ने हमारी फ्रेंचाइजी के लिए कई मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया है। उनके प्रदर्शन के चलते ही टीम में काफी अच्छा वातावरण रहा है। टीम उनको उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हैं और खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें दिल से धन्यवाद देती है।
क्रिस लिन के नाम है टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड
क्वींसलैंड क्रिकेट की रिक्रूटमेंट एंड रिटेंशन कमेटी के अध्यक्ष इयान हेली ने कहा कि, लिन की याद हम सबको आएगी लेकिन हमें यह बड़ा निर्णय लेना पड़ा। हम लिन के प्रदर्शन को कभी नहीं भूल सकते और जो भी उन्होंने किया है हमारी टीम के लिए वो काफी सराहनीय है। उनके नाम टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट में 180 छक्के जड़े हैं और उनके प्रदर्शन और छक्के मारने की काबिलियत को देखते हुए यह उम्मीद लगाई जा सकती है कि अगले सीजन में उनको कोई भी फ्रेंचाइजी से अपने टीम का हिस्सा बनाएगी।
इयान ने आगे कहा कि, क्रिस लिन को हजारों लोग याद करेंगे। हालांकि जो फैसला हमने क्लब के तौर पर लिया है वो उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का है जो उन्होंने कप्तानी और खिलाड़ी के रूप में छोड़ा है। हम सभी टीम के लोगों को, फैंस को, अपने पार्टनर्स को और स्पोंसर्स को धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने लिन के प्रदर्शन को समझा और 11 सालों तक उनका साथ दिया।