बीसीसीआई ने द्विपक्षीय सीरीज के मीडिया राइट्स के लिए निविदा जारी की - क्रिकट्रैकर हिंदी

बीसीसीआई ने द्विपक्षीय सीरीज के मीडिया राइट्स के लिए निविदा जारी की

बीसीसीआई की पिछली मीडिया राइट्स की डील मार्च 2023 में खत्म हो चुकी है। 

BCCI and Virat Kohli-Rohit Sharma. (Image Source: BCCI)
BCCI and Virat Kohli-Rohit Sharma. (Image Source: BCCI)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज (देश व विदेश) के लिए मीडिया राइट्स के लिए निविदा जारी कर, बोलियां आमंत्रित की है। बता दें कि बोर्ड ने डोमिस्टिक और इंटरनेशनल दोनों तरह के क्रिकेट मीडिया राइट्स के लिए आवेदनकर्ताओं से बोलियां आमंत्रित की है।

इसके अलावा क्रिकेट बोर्ड ने मीडिया राइट्स से जुड़ी एक विस्तृत जानकारी के लिए एक टेंडर आईटीटी (Invitation to Tender) जारी किया है। तो वहीं जो आवेदक निविदा से जुड़ी जानकारी जुटाना चाहते हैं वें इस टेंडर को 15 लाख रूपए की नाॅन रिफंडेबल फीस देकर बोर्ड से खरीद सकते हैं। बता दें कि यह आईटीटी खरीद के लिए 25 अगस्त, 2023 तक उपलब्ध है।

बीसीसीआई ने प्रेस रिलीज के माध्यम से दी जानकारी

बता दें कि बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज के माध्यम से कहा- मीडिया राइट्स से जुड़ी निविदा प्रकिया, जरूरी पात्रता, अधिकार और दायित्व से जुड़ी सभी जानकारी आईटीटी में शामिल है, जिसे आवेदक 15 लाख रूपए की नाॅन रिफंडेबल फीस देकर बोर्ड से खरीद सकते हैं। अगर इस पर कोई वस्तु या सेवा कर लगता है तो वो भी शामिल। बोली जमा करने के लिए किसी भी इच्छुक आवेदक को आईटीटी खरीदना होगा।

गौरतलब है कि इससे पहले बीसीसीआई मीडिया राइट्स की पिछली डील मार्च 2023 में खत्म हुई थी, जिसे डिज्नी स्टार ने खरीदा था। बता दें कि डिज्नी स्टार ने कुल 6138.10 करोड़ रूपए में मीडिया राइट्स को अपने नाम किया था, जिसमें प्रत्येक इंटरनेशनल मुकाबले की कीमत 61 करोड़ रूपए थी।

तो वहीं इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार बोलियों की कीमत और ऊंची जा सकती है। जबकि मीडिया राइट्स खरीदने में वायकाम 18 ग्रुप सबसे आगे नजर आ रहा है। खैर, देखने लायक बात होगी कि इस बार कौनसा ग्रुप या कंपनी मीडिया राइट्स की डील को अपने नाम करती है?

close whatsapp