राजीव शुक्ला का बड़ा खुलासा, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित और कोहली के रिटायरमेंट की खबरों को कहा झूठा

राजीव शुक्ला का बड़ा खुलासा, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित और कोहली के रिटायरमेंट की खबरों को कहा झूठा

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ किया कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के रिटायरमेंट की खबरें अफवाह हैं, दोनों ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद भी वनडे क्रिकेट खेलते रहेंगे।

Rohit Sharma and Virat Kohli (Image Credit - Twitter X)
Rohit Sharma and Virat Kohli (Image Credit – Twitter X)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने उन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि रोहित शर्मा और विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले हैं।

भारत 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे और पाँच टी20 मैचों की सीरीज खेलने जा रहा है। सीरीज से पहले सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज थी कि यह वनडे सीरीज रोहित और कोहली की आखिरी अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला होगी।

राजीव शुक्ला ने किया बड़ा खुलासा

राजीव शुक्ला ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए इंडिया टुडे के हवाले से कहा- रोहित और विराट दोनों हमारे लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं। उनकी मौजूदगी टीम के लिए बहुत फायदेमंद है। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके रहते हम ऑस्ट्रेलिया को हराने में सफल रहेंगे। जहां तक बात इस सीरीज को उनकी आखिरी बताने की है, तो ऐसा कुछ नहीं है। यह निर्णय पूरी तरह खिलाड़ियों पर निर्भर करता है कि वे कब रिटायर होना चाहते हैं।

यह कहना बिल्कुल गलत होगा कि यह उनका आखिरी टूर्नामेंट है। शुक्ला ने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों खिलाड़ी अब सिर्फ वनडे प्रारूप में खेलेंगे, क्योंकि वे पहले ही टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

गिल को सौंपी गई वनडे टीम की कमान

खैर, ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए बीसीसीआई चयन समिति ने हाल ही में शुभमन गिल को भारतीय वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। रोहित ने मार्च 2025 में टीम को चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी, लेकिन 2027 विश्व कप की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से गिल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। रोहित शर्मा अब बतौर सीनियर खिलाड़ी टीम में अपनी भूमिका निभाएंगे, जबकि विराट कोहली से बल्लेबाजी में अनुभव और स्थिरता की उम्मीद की जा रही है।

दोनों दिग्गज खिलाड़ी इस समय दिल्ली पहुंच चुके हैं, और 15 अक्टूबर की सुबह भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला जाएगा।

राजीव शुक्ला का यह बयान अब उन सभी अटकलों को शांत करता है, जो रोहित और कोहली के भविष्य को लेकर फैलाई जा रही थीं। फिलहाल दोनों स्टार बल्लेबाजों का ध्यान सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन करने, और भारत को ऑस्ट्रेलिया में जीत दिलाने पर केंद्रित है।

close whatsapp