WI vs PAK 2026: पाकिस्तान को बड़ा झटका, पूर्व कप्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से हुआ बाहर
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मैच 2 से 7 अगस्त 2026 के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा।
अद्यतन - जुलाई 31, 2026 11:37 पूर्वाह्न

पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज दौरे पर है। तो वहीं, दोनों टीमों के बीच 2 अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है।
बता दें कि पहले टेस्ट मैच में उंगली में लगी चोट के चलते पाकिस्तान के पूर्व कप्तान व अनुभवी बल्लेबाज शान मसूद, वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। साथ ही उनकी यह चोट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि उनका इंग्लैंड दौरे में भी खेलना संदिग्ध नजर आ रहा है।
गौरतलब है कि त्रिनिदाद में कैरेबियाई टीम के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान मसूद चोटिल हो गए थे। पाकिस्तान की पहली पारी में जेडेन सील्स की एक गेंद उनकी उंगली पर लगी थी और वेस्टइंडीज ने यह मैच 90 रनों से जीता था। पहले टेस्ट में शान ने 109 और 3 रन बनाए थे।
सीरीज का दूसरा मैच रविवार को क्वींस पार्क ओवल में शुरू होगा। लेकिन, इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यह भी पुष्टि की है कि 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में भी इस बाएं हाथ के बल्लेबाज के खेलने पर संदेह है।
शान मसूद को लेकर पीसीबी की प्रतिक्रिया
दूसरी ओर, अनुभवी बल्लेबाज की इंजरी को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी के हवाले से कहा- “पाकिस्तान के टेस्ट बल्लेबाज शान मसूद वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उन्हें त्रिनिदाद की ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लग गई थी। स्कैन और क्लिनिकल जांच के बाद, शान का इलाज अभी पाकिस्तान टीम का मेडिकल पैनल कर रहा है। साथ ही लीड्स में 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में उनके खेलने का फैसला उनके ठीक होने और सेहत में सुधार पर निर्भर करेगा। इस दौरान वह टीम के साथ ही रहेंगे।”