VHT 2025-26: पहले ही मैच में बिहार का जलवा, बना दिया ये वर्ल्ड रिकाॅर्ड, वैभव सूर्यवंशी ने ठोके 190 रन 

VHT 2025-26: पहले ही मैच में बिहार का जलवा, बना दिया ये वर्ल्ड रिकाॅर्ड, वैभव सूर्यवंशी ने ठोके 190 रन 

वैभव ने अपनी कमाल की पारी के दौरान 16 चौके और 15 छक्के लगाए

Vaibhav Suryavanshi (Image Credit- Twitter X)
Vaibhav Suryavanshi (Image Credit- Twitter X)

आज 24 दिसंबर से शुरू हुए विजय हजारे ट्राॅफी के 33वें सीजन के पहले ही मैच में बिहार क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। बता दें कि जारी 33वें सीजन का प्लेट ग्रुप में एक मुकाबला बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच रांची के जेएससीए ओवल मैदान पर खेला जा रहा है।

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर कुल 574 रन बना दिए हैं। बता दें कि अब यह लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है, और बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए इस रिकाॅर्ड को अपने नाम किया।

तो वहीं बिहार टीम को इस कीर्तिमान तक पहुंचाने में युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अहम योगदान निभाया। 14 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 16 चौके व 15 छक्कों की मदद से 190 रनों की कमाल की पारी खेली। इसके साथ ही वैभव अब लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं।

बिहार ने बनाया 574 रनों का विशाल स्कोर

दूसरी ओर, आपको मैच की पहली पारी के बारे में बताएं तो बिहार ने मुकाबले में टाॅस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए एकदम सही साबित हुआ। पूरी टीम ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर कुल 574 रन बनाए।

इससे पहले टीम के लिए पहले विकेट के लिए वैभव सूर्यवंशी (190) और मंगल मरहोर (33) ने 158 रनों की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके अलावा पीयूष सिंह ने 77 रनों की शानदार पारी खेली, तो विकेटकीपर आयुष लाहुरका ने 116 रन बनाए। साथ ही कप्तान सकीबुल घानी 128* रन बनाकर नाबाद रहे।

तो वहीं, अरुणाचल प्रदेश की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो टी मोहित व तेची नेरी को 2-2 विकेट मिले। इसके अलावा धीरज अंतिन को 1 विकेट मिला। देखने लायक बात होगी कि क्या अरुणाचल प्रदेश की टीम बिहार से मिले इस विशाल लक्ष्य का पीछा कर पाती है या नहीं?

close whatsapp