मोईन अली पर ICC ने लगाया भारी जुर्माना, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने रखा अपना पक्ष
मोईन अली ने इस टेस्ट मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 रन बनाए और उसके बाद अपनी टीम की ओर से दो महत्वपूर्ण विकेट झटके।
अद्यतन - जून 19, 2023 3:00 अपराह्न

हाल ही में इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली के ऊपर आईसीसी की ओर से भारी जुर्माना लगाया गया था। बता दें, इस समय ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज 2023 खेली जा रही है। इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच एजबेस्टन में खेला जा रहा है। मोईन अली को मुकाबले के दौरान गेंद के साथ छेड़छाड़ करते हुए देखा गया जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने उनके ऊपर मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया।
बता दें, मोईन अली ने 2021 में अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था लेकिन एशेज 2023 सीरीज के लिए उन्होंने टीम में एक बार फिर से वापसी की। मोईन अली ने इस टेस्ट मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 रन बनाए और उसके बाद अपनी टीम की ओर से दो महत्वपूर्ण विकेट झटके।
अब इसी को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ब्रैड हॉग ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट किया। ब्रैड हॉग की मानें तो मोईन अली को थोड़ी देर मुकाबले से बाहर चले जाना था और वहां जाकर उन्हें ड्रिंग एजेंट का इस्तेमाल करना था और फिर खेलने बाहर आना था। हालांकि उन्होंने यह मैदान में ही किया और इसी वजह से उनके ऊपर यह जुर्माना लगाया गया।
ब्रैड हॉग ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट किया कि, ‘25% का जुर्माना लगाना मेरे हिसाब से थोड़ा ज्यादा था। मोईन अली जानबूझकर ऐसा नहीं कर रहे थे और अगर उन्होंने यह नहीं किया होता तो चीजें और भी ज्यादा खराब हो सकती थी। उन्होंने अपनी उंगली पर स्प्रे लगाया था और यह बात पूरी तरह से सही है।’
यह रहा ब्रैड हॉग का ट्वीट:
25% fine for this is a bit of 'overspin' on the issue when you know Moeen was not using it for any other purpose than to prevent his blister getting worse!
He could of left the ground repeatedly disguising the spray but did it openly.
Fair play given the finger!#Ashes2023 pic.twitter.com/RV2KoYtCWt
— Brad Hogg (@Brad_Hogg) June 19, 2023
मुकाबले की बात की जाए तो इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी को 8 विकेट खोकर 393 रन पर घोषित कर दिया था। टीम की ओर से पहली पारी में जो रूट ने 152 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 118* रन बनाए। उनके अलावा जॉनी बेयरस्टो ने 78 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 78 रन की पारी खेली।
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 386 रन बनाए। टीम की ओर से उस्मान ख्वाजा ने 321 गेंदों में 14 चौके और तीन छक्कों की मदद से 141 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। उनके अलावा एलेक्स कैरी ने 99 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट खोकर 28 रन बना लिए हैं।