अश्विन के संन्यास की अफवाहों के बीच विराट कोहली ड्रेसिंग रूम में अनुभवी खिलाड़ी के मिले गले, वायरल हुआ वीडियो
रविचंद्रन अश्विन ने अभी तक इस बात की कोई भी पुष्टि नहीं की है कि वह तीसरे टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।
अद्यतन - दिसम्बर 18, 2024 4:18 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच ब्रिस्बेन में खेला गया तीसरा टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस मुकाबले में दोनों ही टीमों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, बारिश की वजह से इसका रिजल्ट नहीं निकला। मैच के दौरान भारतीय टीम के बेहतरीन बल्लेबाज विराट कोहली को अनुभवी ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन के गले मिलते हुए देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बता दें कि, पिछले काफी समय से ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही है कि रविचंद्रन अश्विन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। खेल के पांचवें दिन जब बारिश की वजह से मैच रुका हुआ था, तब विराट कोहली रविचंद्रन अश्विन के बगल में बैठे हुए दिखाई दिए। काफी देर तक कोहली को रविचंद्रन अश्विन के साथ बातचीत करते हुए देखा गया और फिर दोनों एक-दूसरे के गले भी मिले।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बहरहाल, अश्विन ने अभी तक इस बात की कोई भी पुष्टि नहीं की है कि वह तीसरे टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक या तो तीसरे टेस्ट या फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज के बाद अश्विन बड़ा फैसला ले सकते हैं।
यहां देखें वीडियो:
Ashwin getting emotional!!
Thank u ravi ashwin we will miss u ash paa @ashwinravi99
pic.twitter.com/ecayoqxPpK— Rohan💫 (@rohann__18) December 18, 2024
मुकाबले की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 445 रन बनाए थे, जिसके जवाब में टीम इंडिया 260 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी को 89 रन पर 7 विकेट पर घोषित कर दिया। टीम इंडिया अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 8 ही रन बना पाई और उसके बाद बारिश ने मैच में खलल डाला।
रविचंद्रन अश्विन की बात की जाए तो उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में हमेशा ही काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। अनुभवी ऑलराउंडर ने 106 टेस्ट मैच में 25.76 की औसत से 3503 रन बनाए हैं, जबकि 24.01 की औसत से 537 विकेट अपने नाम किए हैं।