BCCI 27 मार्च से लेकिन ब्रॉडकास्टर इस तारीख से शुरू करना चाहते हैं IPL का 15वां सीजन
BCCI ने अभी तक आधिकारिक तौर पर IPL के तारीखों का ऐलान नहीं किया है।
अद्यतन - फरवरी 20, 2022 6:42 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें संस्करण के लिए मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को सफलता पूर्वक समाप्त हुआ। 8 पुरानी फ्रेंचाइजियों के साथ दो नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपरजायंट्स और गुजरात टाइटंस भी ऑक्शन में शामिल हुई। ऑक्शन में कुल 204 खिलाड़ियों को खरीदार मिले।
सभी फ्रेंचाइजियों ने अपने स्टार खिलाड़ियों को रिटेन करने के बाद कुछ स्मार्ट खरीदारी की और अपने-अपने दस्ते मजबूत किए। हालांकि इस आईपीएल सीजन के लिए अभी शुरूआती और अंतिम तारीख का एलान भी हुआ हैं लेकिन इसको लेकर तरह-तरह की रिपोर्ट्स सामने आ रही है। फैंस भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी किये जाने वाले शेड्यूल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कुछ रिपोर्ट के मुताबिक IPL 2022 के शुरू होने की तारीख 27 मार्च है लेकिन ब्रॉडकास्टर्स डिज्नी प्लस हॉटस्टार टूर्नामेंट को एक दिन पहले (26 मार्च) से शुरू करने के पक्ष में है। ब्रॉडकास्टर्स के अनुसार 27 मार्च (रविवार) को दो मुकाबले खेले जाएं।
क्रिकबज से बात करते हुए एक फ्रेंचाइजी के अधिकारी ने कहा कि, “हम समझते है ब्रॉडकास्टर को 26 मार्च (शनिवार) को सप्ताह के अंत में तीन धमाकेदार मुकाबलों के साथ लीग की शुरुआत करने में मदद मिलती है। रविवार का उद्घाटन इसकी अनुमति नहीं देगा। बीसीसीआई और प्रसारक इस बात पर चर्चा कर रहे थे और 26 मार्च को भी शुरू हो सकता है।”
ब्रॉडकास्टर ने कमेंटेटर्स को 19 मार्च से 7 जून तक उपलब्ध रहने को कहा
इसी बीच ब्रॉडकास्टर्स ने कमेंटेटर्स को 19 मार्च से लेकर 7 जून तक तैयार और उपलब्ध रहने को कहा है। कोरोना के चलते आईपीएल का पिछला दो सीजन काफी प्रभावित हुआ था। 2021 में आईपीएल के पहले चरण के मुकाबले भारत में और दूसरा चरण यूएई में हुआ था। जबकि 2020 में पूरा सीजन यूएई में हुआ था।
स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट्स के मुताबिक यह लीग अहमदाबाद, मुंबई और पुणे में आयोजित की जाएगी। IPL के लीग मैच महाराष्ट्र में होंगे जबकि प्लेऑफ मुकाबले गुजरात में आयोजित किए जाएंगे। इस सीजन के लीग मैचों की मेजबानी मुंबई और पुणे के 5 मैदानों पर किया जाएगा।