एशिया कप 2022: विराट कोहली की बड़ी पारी का हम सबको है इंतजार: वसीम जाफर - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: विराट कोहली की बड़ी पारी का हम सबको है इंतजार: वसीम जाफर

आप उनसे टी-20 में शतक की उम्मीद नहीं कर सकते हैं लेकिन अगर वो 60-70 रन की शानदार पारी खेलते हैं तो उनके अंदर विश्वास बढ़ेगा: वसीम जाफर

virat kohli and wasim jaffer (source- twitter)
virat kohli and wasim jaffer (source- twitter)

1 महीने के लंबे अंतराल के बाद विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की। बता दें, एशिया कप 2022 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया। इस मुकाबले में दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 34 गेंदों में 35 रन की बहुमूल्य पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और एक छक्का जड़ा।

वेस्टइंडीज और जिंबाब्वे दौरे में विराट कोहली को आराम दिया गया था जिसके बाद उन्हें एशिया कप टूर्नामेंट में टीम में वापस बुलाया गया। विराट कोहली के फॉर्म की बात की जाए तो पिछले काफी समय से वो अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं दिखे हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक बांग्लादेश के खिलाफ साल 2019 में जड़ा था।

विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला खेला। अब भारत का दूसरा और आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला हांगकांग के खिलाफ है। अगर भारत इस मुकाबले को जीत जाती है तो वो सुपर 4 के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।

इसी के साथ भारत के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने कहा है कि, ‘वो हांगकांग के खिलाफ विराट कोहली को शानदार प्रदर्शन करते हुए देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर विराट कोहली हांगकांग के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाते हैं तो उनके अंदर विश्वास बढ़ेगा।

विराट कोहली को मैं बड़ा स्कोर बनाते हुए देखना चाहता हूं: वसीम जाफर

वसीम जाफर ने ESPN क्रिकइंफो से कहा कि, ‘हम सब यही चाहते हैं कि विराट कोहली बड़ी पारी खेलें। आप उनसे टी-20 में शतक की उम्मीद नहीं कर सकते हैं लेकिन अगर वो 60-70 रन की शानदार पारी खेलते हैं तो उनके अंदर विश्वास बढ़ेगा।

सच्ची बताऊं तो मैं उनके पुराने फॉर्म को वापस देखना चाहता हूं। जिस तरीके से वो 2016-2017 में खेलते थे हमने उस प्रवाह को अभी तक नहीं देखा है। मैं चाहता हूं कि वो प्रवाह वापस आ जाए और अगर वो 60-70 रन की पारी खेल जाते हैं तो उनका आत्मविश्वास भी काफी बढ़ेगा।

हांगकांग के खिलाफ मुकाबले को लेकर वसीम जाफर ने कहा कि, ‘अगर पाकिस्तान से तुलना करें तो भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला जीतना थोड़ा ज्यादा आसान है लेकिन टी-20 क्रिकेट में कुछ नहीं कहा जा सकता। मुझे नहीं लगता कि भारतीय टीम इस मुकाबले को हल्के में लेगी और उनको लेना भी नहीं चाहिए। 2018 एशिया कप में हांगकांग ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।

close whatsapp