वीडियो: बीच मैच में फूटा कार्लोस ब्रेथवेट का गुस्सा, बल्लेबाज और अंपायर दोनों से भिड़े
इस मैच में ब्रेथवेट ने चार ओवर 29 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया था।
अद्यतन - Jun 21, 2022 5:18 pm

इंग्लैंड की टी-20 ब्लास्ट लीग में एक मैच के दौरान अजीबोगरीब घटना देखने को मिली, जब मैदान पर गेंदबाज पहले विपक्षी टीम के खिलाड़ी से फिर अंपायर से उलझते हुए दिखे। दरसअसल, वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर कार्लोस ब्रैथवेट इस मैच में गेंदबाजी कर रहे थे। बल्लेबाज वेन मैडसन ने उनकी गेंद पर एक डिफेंसिव शॉट खेला, जो सीधे ब्रैथवेट के पास चली गई और उन्होंने फॉलो-थ्रू में गेंद को स्टंप की तरफ दे मारा, लेकिन दुर्भाग्यवश गेंद बल्लेबाज को जा लगी।
एजबेस्टन के मैदान पर 19 जून को हुए मैच में डर्बीशायर और बर्मिंघम बीयर्स की टीम आमने-सामने थी। लक्ष्य का पीछा कर रही डर्बीशायर के लिए 13वां ओवर बिर्मिंघम के कप्तान ब्रैथवेट डाल रहे थे। उन्होंने एक अच्छी गुड-लेंथ बॉल फेंकी, जिसपर मैडसन ने डिफेंसिव शॉट खेला। ब्रैथवेट ने तेजी से गेंद को पकड़कर स्टंप्स पर निशाना साधने की कोशिश की लेकिन गेंद स्टंप्स पर ना लगकर बल्लेबाज के बाएं पैर पर लगी।
गेंद लगने के बाद तुरंत ही बल्लेबाज ने गेंदबाज के इस रवैये पर आपत्ति जताई, जिसके तुरंत बाद ब्रैथवेट ने माफी भी मांग ली, लेकिन ऑन फील्ड अंपायर्स ने बातचीत के बाद तुरंत बीयर्स की टीम पर 5 रन की पेनल्टी लगा दी। अंपायर्स के इस फैसले से ब्रैथवेट नाराज नजर आए, उन्होंने अपनी नाराजगी भी व्यक्त की, लेकिन अंपायर्स ने अपना फैसला बरकरार रखा।
यहां देखिए कार्लोस ब्रेथवेट का वो वीडियो
Not ideal for Carlos Brathwaite 😬
A 5-run penalty was given against the Bears after this incident…#Blast22 pic.twitter.com/pXZLGcEGYa
— Vitality Blast (@VitalityBlast) June 19, 2022
बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे ब्रेथवेट
आपको बता दें कि ब्रैथवेट ने इस मैच में अच्छी गेंदबाजी की 4 ओवर में 29 रन देकर 1 विकेट लिया। लेकिन वो अपनी गेंदबाजी से टीम को जीत नहीं दिला सके और डर्बीशायर ने इस मैच को सात विकेट से अपने नाम कर लिया।
इससे पहले ब्रेथवेट बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कैरेबियाई ऑलराउंडर ने 14 गेंद का सामना किया और इस दौरान वो सिर्फ 18 रन ही बना सके।