शुभमन गिल का दूसरा टेस्ट शतक देख, सुनील गावस्कर का दिल हुआ गार्डन-गार्डन!
शुभमन गिल ने चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में 128 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - मार्च 12, 2023 11:03 पूर्वाह्न

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी चौथे टेस्ट में शुभमन गिल ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा है। जहां गिल ने कंगारूओं के खिलाफ पहली पारी में 128 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं दूसरी ओर शुभमन भारत के चौथे खिलाड़ी भी बन गए हैं जिन्होंने 1 ही साल में तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ा है।
गिल ने साल की शुरूआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 में शतक जड़ा था। जिसके बाद रेड बॉल क्रिकेट में भी शुभमन का शानदार फॉर्म जारी है। वहीं अब इस युवा बल्लेबाज की सुनील गावस्कर ने जमकर तारीफ करते हुए, एक बड़ा बयान साझा किया है।
शुभमन गिल के मुरीद हुए सुनील गावस्कर
शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केएल राहुल को रिप्लेस किया है, लेकिन गिल इंदौर टेस्ट मैच के पहली पारी में 21 और दूसरी पारी में मात्र 5 रन पर आउट हो गए थे। जिसके बाद इस खिलाड़ी को चौथे टेस्ट मैच में अपने आप को साबित करना जरूरी था और हुआ भी कुछ ऐसा ही। शुभमन ने चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में 235 गेंदो में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 128 रनों की पारी खेली।
वहीं शुभमन के टेस्ट शतक के बाद पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने NDTV पर बात करते हुए कहा, ‘ये गिल की दूसरी सेंचुरी है और उनकी सेंचुरी का काउंट बढ़ता रहे… आप 8000, 10,000, 15,000 रन बनाए।’
दूसरी ओर कमेंट्री बॉक्स में भी सुनील गावस्कर ने कहा था, ‘मैं शुभमन गिल की बल्लेबाजी देखकर बहुत ज्यादा खुश है। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की है और बड़े ही आत्मविश्वास के साथ ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी अटैक का सामना किया।’
वहीं बात मैच की करें तो चौथे दिन की शुरूआत में भारतीय टीम ने 300 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। खबर लिखे जाने तक भारत 322 रन पर 4 विकेट गंवा चुका है। विराट कोहली (69 रन) और केएस भरत (7 रन) पर क्रिज पर मौजूद है।