WI vs IND: बल्लेबाजी के लिए आए चहल डगआउट लौटने लगे तो अंपायर ने क्यों बुला लिया वापस, जानें कारण
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
अद्यतन - अगस्त 4, 2023 1:04 अपराह्न

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 3 अगस्त को त्रिनिदाद में खेला गया, जहां टीम इंडिया को 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 149 रन बनाए, जिसके जवाब में मेन इन ब्लू 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ कैरेबियन टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
हालांकि, भारतीय पारी के दौरान एक मजेदार वाकया हुआ, जब लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल बल्लेबाजी करने के लिए आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, खेल के अंतिम ओवरों के दौरान कुलदीप यादव के आउट होने के बाद युजवेंद्र चहल बल्लेबाजी के लिए उतरे। हालांकि, इसी दौरान भारतीय डगआउट से चहल को बुलाया गया और बताया गया कि कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान हार्दिक पांड्या चाहते थे कि मुकेश कुमार 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करें।
ऐसे में चहल ने दोबारा डगआउट लौटने की कोशिश की, लेकिन अंपायरों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। बता दें कि नियमों के मुताबिक एक बार जब कोई बल्लेबाज विकेट गिरने के बाद मैदान में कदम रखता है तो वह दूसरे को भेजने के लिए वापस नहीं जा सकता। यही कारण है कि अंपायर्स ने चहल को रोक दिया और उन्हें 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़ी।
यहां देखें घटना का वो वीडियो
https://twitter.com/mdNayabsk45/status/1687168684157194240?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1687168684157194240%7Ctwgr%5E3d8c2e10feb49d180365ad8790b87a5548a389f5%7Ctwcon%5Es1_&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.crictracker.com%2Fsocial-tracker-cricket%2Fteam-india-call-yuzvendra-chahal-back-after-he-walks-out-to-bat-umpires-intervene-video-goes-viral%2F
मुकाबले की बात करें तो वेस्टइंडीज ने सीरीज का पहला मैच अपने नाम कर सबको चौंका दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज के टॉप ऑर्डर के खराब प्रदर्शन के बाद मीडिल ऑर्डर के बल्लेबाज निकोलस पूरन और कप्तान रोवमन पॉवेल की महत्वपूर्ण पारियों की मदद से वेस्टइंडीज बोर्ड पर 149 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब हुआ। पूरन ने 41 रन, जबकि पॉवेल ने 48 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने के दौरान टीम इंडिया ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए, जिसका खामियाजा उसे मैच हारकर चुकाना पड़ा। तिलक वर्मा ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 21 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 का आंकड़ा नहीं छू सका।