ICC महिला वनडे रैंकिंग में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने लगाई लंबी छलांग
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को एक स्थान का इजाफा हुआ है और अब वो 13वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
अद्यतन - Jul 12, 2022 4:58 pm

ICC महिला चैंपियनशिप (IWC) के तहत खेली गई सीरीज के फाइनल मुकाबले के बाद श्रीलंका महिला टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू और भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की ICC महिला वनडे रैंकिंग में इजाफा हुआ है। अटापट्टू ने सीरीज के आखिरी मुकाबले में 44 रन की पारी खेली थी।
हालांकि यह मुकाबला भारत 39 रनों से जीत गया था लेकिन उनकी इस पारी की वजह से उन्हें दो स्थान का इजाफा हुआ। वो अब इस रैंकिंग में 8वें स्थान पर आ चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने जब 5 साल पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्टल में 143 गेंदों में 178 रन की पारी खेली थी तब वो इस रैंकिंग में शुमार हुई थी। यह रैंकिंग अटापट्टू की वनडे क्रिकेट में सबसे सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
हरमनप्रीत कौर का जबरदस्त प्रदर्शन
वहीं दूसरी ओर भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को एक स्थान का इजाफा हुआ है और अब वो 13वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने आखिरी मुकाबले में 75 रन की नायाब पारी खेली थी। इस पारी की वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड भी दिया गया था।
कौर ने इस वनडे सीरीज में कुल तीन मुकाबलों में 119 रन बनाए थे और तीन विकेट हासिल किए थे। कौर ने ना ही सिर्फ आखिरी वनडे मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीता बल्कि प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड भी उनके नाम रहा। भारत ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की। ICC वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में हरमनप्रीत कौर को 8 स्थान का फायदा हुआ है और अब वो 71वें स्थान पर पहुंच चुकी है।
भारतीय टीम की ओपनर शेफाली वर्मा को तीन पायदान की बढ़ोतरी हुई है और अब वो 33वें स्थान पर पहुंच गई है। यास्तिका भाटिया 45वें स्थान पर पहुंच गई है जबकि पूजा वस्त्राकर को 8 स्थान का फायदा हुआ है और अब वो 53वीं रैंकिंग पर पहुंच गई हैं।
भारतीय गेंदबाजों को भी हुआ फायदा
राजेश्वरी गायकवाड़ को ICC वनडे महिला गेंदबाजी रैंकिंग में तीन स्थान का फायदा हुआ है और अब वो 9वें पायदान पर आ गई है जबकि मेघना सिंह 43वें स्थान पर आ गई हैं। पूजा वस्त्राकर 48वें स्थान पर पहुंच चुकी हैं।
श्रीलंका की बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा 43वीं रैंकिंग पर पहुंच गई है जबकि निलाक्षी डी सिल्वा 10 स्थान के इजाफे के साथ 47वें स्थान पर पहुंच गई है।