बृजेश पटेल के लिए संकटमोचक बने चारु शर्मा, खाना छोड़कर पहुंचे आईपीएल मेगा ऑक्शन करवाने
खेल जगत का जाना-माना नाम हैं चारु शर्मा।
अद्यतन - फरवरी 15, 2022 2:07 अपराह्न

अनुभवी खेल प्रस्तोता चारु शर्मा को बेंगलुरु में आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (आईपीएल 2022) मेगा ऑक्शन में नीलामी कर्तव्यों को संभालना पड़ा। क्योंकि नामित ऑक्शनर ह्यूज एडमीड्स पहले दिन के ऑक्शन के बीच में बेहोश हो गए थे। जिसके बाद शर्मा ने शेष दिन के लिए नीलामी आयोजित की और नीलामी के दूसरे और अंतिम दिन भी ऑक्शन के कार्यभार को उन्होंने संभाला।
बता दें कि जब ह्यूज एडमीड्स बेहोश हुए थे उस वक्त श्रीलंकाई ऑलराउंडर वानिंदु हसंरगा को लेकर बोली लगाई जा रही थी और उनकी बोली उस वक्त 10 करोड़ के पार जा चुकी थी। ऐसे में एडमीड्स के बेहोश होते ही बीसीसीआई के आला अधिकारियों की परेशानी बढ़ गई कि अब ऑक्शन की मेजबानी कौन करेगा? ऐसे में आईपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल ने अपने पुराने दोस्त चारु शर्मा को याद किया, जो बैंगलोर में ही रहते हैं।
सिर्फ 20 मिनट में ऑक्शन वेन्यू पर पहुंचे चारु शर्मा
स्पोर्ट्स्टार पर अपने इस अनुभव के बारे में बात करते हुए चारू शर्मा ने कहा कि, “मैं उस वक्त खाना खा रहा था। जिस होटल में आईपीएल ऑक्शन हो रहा था, मैं उससे दूर नहीं रहता हूं, तो मुझे बृजेश पटेल का फोन आया। उन्होंने मुझसे कहा, जल्दी से कपड़े पहनो और तुरंत घर से आईपीएल नीलामी के लिए निकलो। मैं अगले 15-20 मिनट के भीतर होटल में पहुच गया था। यहां मुझे ऑक्शन से जुड़ी कुछ जानकारी दी गई और फिर मैंने मंच संभल लिया।”
उन्होंने आगे कहा, “शुरू में मैं थोड़ा नर्वस था। क्योंकि घर पर कुछ मेहमान आए थे और मैं नीलामी देख भी नहीं रहा था। इसलिए मुझे पता नहीं था कि वहां क्या चल रहा है? हालांकि, बृजेश पटेल मेरे पुराने दोस्त हैं। इसलिए जब उनका फोन आया तो मुझे जाना ही था और एक प्रोफेशनल के तौर पर मैंने पहले भी नीलामी करवाई है और यहां पहले से ही सारी चीजें तैयार थी, इसलिए बहुत ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
चारु शर्मा और ह्यूज एडमीड्स को लेकर हसरंगा ने भी किया ट्वीट
इस बीच वानिंदू हसरंगा जिनकी बोली के दौरान ये पूरी घटना हुई उन्होंने भी अपनी नीलामी के बाद दोनो ही ऑक्शनर को धन्यवाद कहा। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि, “IPL-2022 मेगा नीलामी में अच्छे काम के लिए इन दो अद्भुत सज्जनों को धन्यवाद। महान चारु शर्मा द्वारा शानदार पिकअप, वह कितने शानदार कलाकार हैं बहुत खुशी है कि मिस्टर ह्यूज एडमीड्स नीलामी को अपने अंदाज में समाप्त करने में सक्षम थे। मैं उनके स्वास्थ्य और खुशी की कामना करता हूं।
Thanking these two amazing gentlemen for a job well done at the IPL 2022 mega auction.
Great pick up by the legendary Charu Sharma, what a clinical performer he is 🙌🏻
So glad that Mr. Hugh Edmeades was able to finish the the Auction in style. I wish health and happiness to him. pic.twitter.com/HjejmEVtJS
— Wanindu Hasaranga (@Wanindu49) February 14, 2022