आखिर रोहित शर्मा और टीम के गेंदबाज पहले दिन करना क्या चाह रहे थे: सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

आखिर रोहित शर्मा और टीम के गेंदबाज पहले दिन करना क्या चाह रहे थे: सुनील गावस्कर

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

Rohit Sharma and Sunil Gavaskar. (Photo Source: Getty Images)
Rohit Sharma and Sunil Gavaskar. (Photo Source: Getty Images)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे टेस्ट की शुरूआत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो चुकी है। चौथे टेस्ट का पहला दिन समाप्त हो चुका है और ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट खोकर 255 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम के गेंदबाज चौथे टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे जिसकी वजह से कंगारू टीम ने शुरुआत से ही मेजबान के ऊपर दबाव बनाए रखा।

पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर भी इस बात से नाखुश हैं कि भारतीय गेंदबाज पहले दिन नई गेंद से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। उनके मुताबिक रोहित शर्मा को अपनी टीम से जिस तरीके की गेंदबाज़ी की उम्मीद थी वैसी खिलाड़ियों ने नहीं की।

सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स को बताया कि, ‘ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों के बीच में बातचीत जरूर हुई होगी। मुझे लगता है कि यह बातचीत जरूर होनी चाहिए थी क्योंकि आखिरी घंटे में टीम अपनी कोशिश से बहुत ही निराश हुई होगी। दूसरी नई गेंद के बाद टीम ने काफी रन लुटाए और ऑस्ट्रेलिया को अपने ऊपर हावी होने दिया। नई गेंद से गेंदबाज और मेहनत कर सकते थे लेकिन ऐसा हुआ नहीं।’

गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘माना पहले दिन बहुत गर्मी थी इस पर कोई भी सवाल नहीं उठाया जा सकता। तेज गेंदबाजों को यहां काफी परेशानी हुई होगी। लेकिन आपको यह समझना चाहिए कि आपके पास नई गेंद है और आप भारत के लिए खेल रहे हैं। मेरे हिसाब से पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद जब टीम ड्रेसिंग रूम में पहुंची होगी तो उन्होंने आपस में यही बात की होगी कि अब दूसरे दिन वो अच्छी तरह से मैदान पर वापसी करें।’

उस्मान ख्वाजा ने पहले दिन जड़ा शतक

पहले दिन के खेल की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 251 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 104* रन बनाए। उनके अलावा कैमरून ग्रीन ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 49* रन बना लिए हैं।

इन दोनों के अलावा ट्रेविस हेड ने 44 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 32 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। मार्नस लाबुशेन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और मात्र 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान स्टीव स्मिथ ने 38 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से पहले दिन का खेल खत्म होने तक मोहम्मद शमी ने 17 ओवर में 65 रन देकर दो विकेट झटके जबकि रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट हासिल किया। भारत के लिए यह टेस्ट जीतना बेहद जरूरी है।

close whatsapp