चेतेश्वर पुजारा दोहरा शतक

रणजी ट्रॉफी में पुजारा का बल्ला मचा रहा है हल्ला, दोहरा शतक ठोककर सेलेक्टर्स को दिखाया आईना

पिछली काफी समय से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं चेतेश्वर पुजारा।

Cheteshwar Pujara (Image Credit- Twitter X)
Cheteshwar Pujara (Image Credit- Twitter X)

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रणजी ट्रॉफी में रिकॉर्ड दोहरा शतक जड़कर टेस्ट क्रिकेट में अपनी वापसी की मजबूत दावेदारी पेश की है। पुजारा ने राजकोट में झारखंड के खिलाफ सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दौरान फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना 17वां दोहरा शतक लगाया।

आपको बता दें कि, भारत 25 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड का सामना करेगा और जल्द ही टीम की घोषणा होने की उम्मीद है। यह दोहरा शतक चेतेश्वर पुजारा के सेलेक्शन में एक अहम भूमिका निभा सकता है और हालिया फॉर्म को देखते हुए उन्हें आगामी टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह मिल सकती है।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पुजारा ने थोड़ा 17वां शतक

अपने 17वें दोहरे शतक के साथ, पुजारा प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरे शतकों की सूची में हर्बर्ट सटक्लिफ और मार्क रामप्रकाश के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर आ गए। इस सूची में सर डोनाल्ड ब्रैडमैन 37 दोहरे शतकों के साथ टॉप पर हैं और इंग्लैंड के वैली हैमंड 36 दोहरे शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चेतेश्वर पुजारा का ये 61वां शतक था, इसके अलावा उन्होंने 77 अर्धशतक भी लगाए हैं। आपको बता दें कि पुजारा के इन आंकड़ों में टेस्ट का रिकॉर्ड भी शामिल हैं, क्योंकि टेस्ट क्रिकेट के आंकड़ों को भी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शामिल किया जाता है। अगर पुजारा के बल्ले से इस सीजन में कुछ और बड़ी पारियां निकलती हैं तो वे फिर से टेस्ट टीम में आने की दावेदारी पेश करने वाले हैं।

पुजारा को किया गया था टेस्ट टीम से ड्रॉप

पुजारा ने नवंबर-दिसंबर 2023 में सौराष्ट्र के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में भी भाग लिया था, लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इससे पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था, जिसकी वजह से उनको वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया में नहीं चुना गया था और हाल ही में साउथ अफ्रीका दौरे पर भी शुभमन गिल नंबर तीन पर खेले थे।

यह भी पढ़ें: तो क्या ऑस्ट्रेलिया टीम में स्टीव स्मिथ को मिल सकती है महत्वपूर्ण भूमिका?

close whatsapp