गेंद को लेकर अंपायर से उलझे कोहली और अश्विन, 10 मिनट तक रुका रहा मैच
गेंद बदलने के कारण लगभग 10 मिनट तक मैच को रोका गया।
अद्यतन - Dec 30, 2021 1:07 pm

सेंचुरियन में पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी की शुरुआत से पहले कूकाबुरा गेंद को लेकर भारतीय खिलाड़ियों को कुछ भ्रम था। भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के हाथ में नई गेंद थी, लेकिन वो उससे खुश नहीं दिख रहे थे। तभी भारतीय खिलाड़ी भी अंपायर के आसपास जमा हो गए और उनसे बात करते हुए नजर आए। उनका कहना था कि गेंदबाजी के लिए दी गई कूकाबुरा गेंद पुरानी है।
मामले को देखते हुए इसके तुरंत बाद चौथा अंपायर तब एक बॉल बॉक्स लेकर आया और भारतीय खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका की पारी से पहले अपनी नई गेंद को चुना। इसके चलते लगभग 10 मिनट तक खेल को दिया गया। इस दौरान कोहली अंपायर से बहस करते हुए भी नजर आए।
यहां देखिए अंपायर और भारतीय खिलाड़ियों का वह वीडियो
https://twitter.com/Sunainagosh7/status/1476179346670845953?s=20
https://twitter.com/rohan_gulaty/status/1476180565392953346?s=20
वहीं उस वक्त कॉमेंट्री कर रहे पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का कहना था कि हर गेंद के रंग और बैलेंस में फर्क हो सकता है। इसलिए भारतीय टीम नई गेंद चाह रही थी। गावस्कर ने ये भी बताया कि उनके समय में कपिल देव खुद गेंद का चुनाव करते थे। वहीं, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अजीत अगरकर ने बताया कि जब वो खेलते थे तो सचिन तेंदुलकर और हरभजन सिंह बॉक्स से नई गेंद का चयन करते थे।
आपको बता दें कि कूकाबुरा बॉल ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश, जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान जैसे देश अपने यहां खेले जाने वाले टेस्ट मैच के लिए इस्तेमाल करते हैं। भारत में टेस्ट मैचों में एसजी (SG) गेंद का इस्तेमाल किया जाता है, वहीं इंग्लैंड में ड्यूक की गेंद से टेस्ट मैच खेला जाता है।
वहीं अगर अब दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच होने वाले टेस्ट मैच की बात करें तो ये मैच फिलहाल बेहद रोमांचक मोड़ पर खड़ा है। टेस्ट मैच के आखिरी दिन भारत को जीतने के लिए छह विकेट की जरुरत होगी वहीं दक्षिण अफ्रीका को 211 रन बनाने होंगे।