VIDEO: ईशान की ईमानदारी पड़ गई उनकी टीम पर भारी, नॉटआउट होकर भी लौटे पवेलियन
इस मैच में ईशान किशन ने 1 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - अप्रैल 23, 2025 8:41 अपराह्न

सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2025 का 41वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में एक ऐसा नजारा दिखा, जिसने हर किसी को चौंका दिया. सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज ईशान किशन ने एक ऐसी गलती की, जिसका खामियाजा पूरी टीम को भुगतना पड़ा।
राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स का पहला विकेट गिरने के बाद बैटिंग के लिए आए ईशान किशन भी तीसरे ओवर में चलते बने. मगर जिस तरह से वो आउट हुए, उसको लेकर एक बड़ा विवाद देखने को मिल रहा है। अंपायर के आउट देने से पहले वो खुद ही पवेलियन लौट गए और फिर जो सच सामने आया, उसके बाद हर किसी ने माथा पीट लिया।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ फेल हुए ईशान किशन
अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के खिलाफ पिछले मैच में फेल होने के बाद इस बार उनसे उम्मीद थी लेकिन इस बार तो ईशान ने अपने पैर पर ही कुल्हाड़ी मार ली। तीसरे ओवर की शुरुआत में ईशान स्ट्राइक पर थे और उनके सामने पेसर दीपक चाहर गेंदबाजी के लिए आए। पहली ही गेंद लेग स्टंप के बाहर थी, जिसे ईशान ने खेलने की कोशिश की।
अंपायर ने इसे वाइड करार दिया लेकिन तभी अंपायर भी कंफ्यूज नजर आए और पहले अपनी उंगली उठाई और फिर उसे रोक लिया. मगर अगले ही सेकेंड उन्होंने अपनी उंगली उठाकर आउट दे दिया. ये देखकर बॉलर चाहर, कप्तान हार्दिक पंड्या और मुंबई इंडियंस के बाकी सभी खिलाड़ी हैरान रह गए क्योंकि ईशान किशन आउट दे दिया गया था और इसकी वजह खुद ईशान थे।
Fairplay or facepalm? 🤯
Ishan Kishan walks… but UltraEdge says 'not out!' What just happened?!
Watch the LIVE action ➡ https://t.co/sDBWQG63Cl #IPLonJioStar 👉 #SRHvMI | LIVE NOW on Star Sports 1, Star Sports 1 Hindi & JioHotstar! pic.twitter.com/bQa3cVY1vG
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 23, 2025
असल में अंपायर ने तो उस गेंद को वाइड बताया था, जिस पर मुंबई के किसी खिलाड़ी ने आपत्ति नहीं जताई। मगर तुरंत ही ईशान खुद क्रीज छोड़कर पवेलियन की ओर लौटने लगे। ऐसे में अंपायर ने भी उन्हें आउट दे ही दिया. जाहिर तौर पर ईशान किशन यहां पर ईमानदारी दिखाने की कोशिश कर रहे थे और ये देखकर मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने भी उनकी पीठ थपथपाई. मगर कुछ ही देर में जब स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर रिप्ले चला तो हर कोई चौंक गया क्योंकि सही फैसला वही था, जो अंपायर ने पहले दिया था. रिप्ले के साथ स्नीकोमीटर में साफ दिखा कि गेंद बल्ले से लगना तो दूर, ईशान किशन की जर्सी या पैड पर भी नहीं लगी थी।