कॉर्बिन बॉश को आईपीएल की वजह से PSL से किया गया बैन | CricTracker Hindi

IPL की वजह से इस खिलाड़ी को PCB ने किया बैन, अब एक साल तक नहीं खेल पाएगा इस लीग में

पीसीबी ने यह फैसला बॉश के अचानक पीएसएल छोड़ने पर लिया।

Corbin Bosch (Photo Source: Twitter)
Corbin Bosch (Photo Source: Twitter)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश पर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में भाग लेने पर एक साल का बैन लगा दिया है। पीसीबी ने यह फैसला बॉश के अचानक PSL छोड़ने पर लिया। दरअसल, कॉर्बिन बॉश ने आईपीएल खेलने के लिए अचानक पीएसएल से हटने का फैसला लिया। उन्हें मुंबई इंडियंस ने बतौर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी अपने स्क्वॉड में शामिल किया है।

कॉर्बिन बॉश इस सीजन पीएसएल में पेशावर जाल्मी के लिए खेलने वाले थे, मगर आईपीएल से जब उन्हें ऑफर मिला तो वह इसको इनकार नहीं कर पाए और पीएसएल से एकतरफा अनुबंध समाप्त कर वह आईपीएल में खेलने के लिए राजी हो गए। 30 साल के बॉश को बाबर आजम की अगुवाई वाली पेशावर जाल्मी ने पीएसएल 10 ड्राफ्ट के दौरान डायमंड कैटेग्री में चुना था।

हालांकि, ऑलराउंडर ने चोटिल साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज लिजाद विलियम्स की जगह मुंबई इंडियंस में शामिल होने के लिए PSL छोड़ने का फैसला लिया। पीसीबी ने आधिकारिक बयान में बॉश पर बैन की पुष्टि की और कहा कि वह अगले साल पीएसएल में चयन के लिए अयोग्य होंगे। बैन लगने के बाद हालांकि बॉश ने माफी मांगी है।

कॉर्बिन बॉश ने PSL से हटने के बाद मांगी माफी

पीसीबी द्वारा जारी बयान में कॉर्बिन बॉश ने कहा, “मुझे एचबीएल पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) से हटने के अपने फैसले पर गहरा अफसोस है और मैं पाकिस्तान के लोगों, पेशावर जाल्मी के फैंस और व्यापक क्रिकेट समुदाय से अपनी ईमानदारी से माफी मांगता हूं।”

बॉश ने कहा, “एचबीएल पीएसएल एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है, और मैं अपने कार्यों से हुई निराशा को पूरी तरह से समझता हूं। पेशावर जाल्मी के वफादार प्रशंसकों के लिए, मुझे आपको निराश करने के लिए वास्तव में खेद है। मैं अपने कार्यों की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं और दंड जुर्माना और एचबीएल पीएसएल से एक साल के प्रतिबंध सहित परिणामों को स्वीकार करता हूं। यह एक कठिन सबक रहा है, लेकिन मैं इस अनुभव से सीखने के लिए प्रतिबद्ध हूं और भविष्य में नए समर्पण और प्रशंसकों के विश्वास के साथ एचबीएल पीएसएल में लौटने की उम्मीद करता हूं।

close whatsapp