क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने महिला टीम के कोचिंग स्टाफ में दो नए चेहरों को किया शामिल
शेली निट्स्के को ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम का अंतरिम कोच नियुक्त किया गया।
अद्यतन - Jun 6, 2022 11:29 am

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने जूड कोलमैन और डैन मार्श को ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल किया है। हाल ही में शेली निट्स्के को ऑस्ट्रेलिया महिला टीम का नया अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया गया था, जिसके बाद अब जूड कोलमैन और डैन मार्श को टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल किया गया।
जूड कोलमैन और डैन मार्श का पहला असाइनमेंट जुलाई में आयरलैंड में खेली जाने वाली त्रिकोणीय सीरीज होगी। पाकिस्तान महिला टीम भी इस त्रिकोणीय सीरीज का हिस्सा होगी। वे बेन सॉयर की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद के लिए ऑस्ट्रेलिया के सहायक कोच के पद से इस्तीफा दिया था।
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम से जुड़े दो और नए कोच
कोलमैन और मार्श दोनों पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर हैं, हालांकि उन्होंने घरेलू स्तर पर ही खेला है। कोलमैन ने 60 मैचों में क्वींसलैंड महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया और वह अपनी टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। जबकि मार्श तस्मानिया के पूर्व कप्तान हैं, जिन्होंने प्रथम-श्रेणी क्रिकेट में 8000 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने 2006-07 सीजन में पहली बार तस्मानिया को पुरा कप खिताब दिलाया था।
उच्च प्रदर्शन और राष्ट्रीय टीमों के ईजीएम बेन ओलिवर ने कोलमैन और मार्श की नियुक्तियों का ऐलान किया। बेन ओलिवर ने कहा कोलमैन और मार्श जैसे उच्च क्षमता वाले कोचों का ऑस्ट्रेलियाई सिस्टम में होना टीम लिए फायदेमंद होगा। दोनों के पास बतौर कोच और खिलाड़ी व्यापक अनुभव है, और उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ए टीम के साथ शानदार काम किया है, इसलिए हम जानते हैं कि वे टीम के लिए बहुत मददगार होंगे।
आपको बता दें, मैथ्यू मॉट को हाल ही में इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया गया है, जिसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दिया। जिसके परिणामस्वरूप पूर्व ऑलराउंडर शेली निट्स्के को ऑस्ट्रेलिया टीम का अंतरिम कोच नियुक्त किया गया और अब उनकी मदद के लिए जूड कोलमैन और डैन मार्श को टीम में शामिल किया गया है।