CSA के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट एनोक एनक्वे आगामी वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम की तैयारी से काफी खुश हैं
ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 भारत में इसी साल अक्टूबर और नवंबर महीने में खेला जाना है।
अद्यतन - Jun 20, 2023 4:53 pm

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट एनोक एनक्वे अपनी टीम की वनडे वर्ल्ड कप 2023 की तैयारी को लेकर काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि जो भी चीजें CSA द्वारा दी गई है उससे पुरुष टीम को आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 की तैयारी को लेकर काफी मदद मिलेगी। बता दें, ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 भारत में इसी साल अक्टूबर और नवंबर महीने में खेला जाना है।
दक्षिण अफ्रीका ने पिछले काफी समय से लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में अपने खेल में काफी निखार किया है। उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। मई 2023 में टीम ने वनडे वर्ल्ड कप के लिए सीधा क्वालीफाई किया और इस जबरदस्त टूर्नामेंट के लिए उन्होंने अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दी है। टीम को आगामी वर्ल्ड कप से पहले अपने ही घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच वनडे मुकाबले खेलने हैं।
एनोक एनक्वे के मुताबिक क्वालीफाई होने के बाद पर्दे के पीछे काफी कुछ चीजें चल रही है। उनकी मानें तो दक्षिण अफ्रीका ने नेशनल कैंप का भी आयोजन शुरू कर दिया है ताकि खिलाड़ियों को लगातार अपनी भूमिका के बारे में पता चले और आगामी टूर्नामेंट में सभी लोग अच्छा प्रदर्शन कर पाए।
Sowetan Live के मुताबिक एनोक एनक्वे ने कहा कि, ‘ क्वालीफाई होने के बाद पर्दे के पीछे काफी कुछ चीजें चल रही हैं। पिछले सीजन के आखिरी मुकाबले के बाद से हमने अपनी मेहनत को और बढ़ा दिया है। हम लोगों ने नेशनल कैंप का भी आयोजन किया है और उसमें कुछ खिलाड़ियों के ग्रुप को भी शामिल किया है ताकि उनको अपने प्लान के बारे में अच्छी तरह से पता चल सके। इस साल के अंत में वर्ल्ड कप खेला जाना है और सभी को अपनी भूमिका के बारे में अच्छी तरह से पता होना चाहिए।’
सभी खिलाड़ी एक दूसरे को काफी अच्छी तरह से जानते हैं: एनोक एनक्वे
एनोक एनक्वे ने आगे कहा कि, ‘ हम बहुत जल्द मुख्य कैंप का भी आयोजन करेंगे ताकि सभी खिलाड़ी जल्द से जल्द वापस आ सकें। यह 10 दिनों का कैंप होगा और यह बहुत ही मुश्किल होने वाला है। सभी खिलाड़ी सिस्टम में एक दूसरे को काफी अच्छी तरह से जानते हैं और सभी कोच को भी अपनी भूमिका काफी अच्छी तरह से पता है।
जो माहौल टीम में होना चाहिए हम उसी पर काम कर रहे हैं। सभी खिलाड़ी एक ही राह में चल रहे हैं और यह बहुत ही मजेदार होने वाला है।’