राशिद खान के पिता के निधन पर क्रिकेट बिरादरी ने इस तरह दिखाई हमदर्दी
अद्यतन - Jan 2, 2019 12:40 am

अफगानिस्तान के धातक फिरकी गेंदबाज राशिद खान वनडे क्रिकेट में सबसे तेजी से विकेटों का शतक पूरा करने वाले गेंदबाज है। वह लीग क्रिकेट में भी लोकप्रिय खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह फिलहाल बिग बैश में ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेल रहे हैं।
राशिद के पिता का रविवार को निधन हो गया। इस घटना के बाद वह अपने पिता को अंतिम विदाई देने के लिए अफगानिस्तान रवाना हो गए। पूरी क्रिकेट बिरादरी दुख की इस घड़ी में उनके साथ है।
खुद राशिद ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में एक ट्वीट किया और बताया कि उन्होंने अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति अपने पिता को खो दिया। अब उन्हें पता चला कि उनके पिता ने उन्हें हमेशा मजबूत होने के लिए क्यों कहा? इस दुख को सहने के लिए मुझे ताकत चाहिए। मैं उन्हें हमेशा मिस करूंगा।
हरभजन सिंह ने इसे रिट्वीट करते हुए कहा कि भाई मुझे यह सुनकर दुख हुआ। अपने आप को संभालों, मेरी संवेदनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं।
यूसुफ पठान ने ट्वीट कर कहा कि मुझे अभी राशिद के पिता के निधन की जानकारी मिली। इस दर्दनाक खबर से मैं बहुत दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं राशिद और उनके परिवार के साथ हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने भी ट्वीट कर इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि पूरी सनराइजर्स फैमेली इस मुश्किल समय में आपके साथ है।
ससेक्स क्रिकेट ने भी ट्विटर पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में ससेक्स में हर व्यक्ति तुम्हारे बारे में ही सोच रहा है।
राशिद इस समय बिग बैश में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने इस सत्र में एडिलेड के लिए अब तक 5 विकेट हासिल किए। पिछले सत्र में भी उन्होंने टीम के लिए 18 विकेट हासिल किए थे और यहां सबसे सफल गेंदबाज बने थे।