खलील अहमद ने अपने नाम किया ये अनचाहा रिकॉर्ड | CricTracker Hindi

खलील अहमद के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड, 65 रन लुटाकर शमर्नाक रिकॉर्ड किया दर्ज

खलील अहमद के एक ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने जड़ दिए 33 रन।

Khaleel Ahmed (Photo Source: X)
Khaleel Ahmed (Photo Source: X)

चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने आईपीएल 2025 में 3 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने पहली पारी के 19वें ओवर में 33 रन लुटा दिए और अपने तीन ओवर के स्पेल में 65 रन दिए। खलील को आरसीबी के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने बेरहमी से कूटा।

रोमारियो शेफर्ड ने खोल दिए खलील अहमद के धागे

रोमारियो शेफर्ड ने 19वें ओवर में अपना तूफानी अंदाज दिखाया। यह ओवर फेंक रहे थे खलील अहमद। खलील की पहली गेंद को रोमारियो ने मिडविकेट के ऊपर छक्के के लिए भेज दिया। दूसरी गेंद पर भी शेफर्ड ने खतरनाक शॉट लगाया और इस पर भी छक्का लगा दिया। तीसरी गेंद पर उन्होंने चौका लगाया और चौथी गेंद पर फिर छक्का लगा दिया।

पांचवीं गेंद पर मारा गया छक्का और भी लंबा था और यह नो बॉल भी हो गई थी। इसके बाद अगली गेंद फ्री हिट थी, जिस पर खलील ने कोई रन नहीं जाने दिया। लेकिन अंतिम गेंद को रोमारियो ने चौके लिए भेज दिया। इस तरह से खलील के इस ओवर में शेफर्ड ने कुल 33 रन जड़ दिए। इसके साथ ही खलील अहमद के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया।

खलील अहमद के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड

खलील अहमद आईपीएल के इस सीजन का सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने कुल 33 रन लुटाए। इसके अलावा एक आईपीएल मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज भी बन गए। उन्होंने तीन ओवर में 65 रन खर्च कर डाले।

खलील अहमद चेन्नई की तरफ से आईपीएल में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन जुटाने वाले गेंदबाज भी बन गए। उनसे पहले लुंगी एंगिडी ने 2020 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 रन लुटाए थे। इसके अलावा 2021 में सैम करन ने भी केकेआर के खिलाफ एक ही ओवर में 30 रन खर्च किए थे।

close whatsapp