CWC 2023, Match 18, AUS vs PAK: डेविड वार्नर से पीटने के बाद आखिर ऑस्ट्रेलियाई ओपनर को पवेलियन भेजने में कामयाब हो ही गए हारिस रऊफ
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ डेविड वार्नर की शानदार पारी पर विराम लगाने में कामयाब हुए।
अद्यतन - अक्टूबर 20, 2023 6:09 अपराह्न

भारत में खेले जाने जा रहे आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का 18वां मुकाबला इस समय बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और यह उन पर बुरी तरह से भारी पड़ा।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की कि उन्होंने मात्र दो विकेट के नुकसान पर 259 रन जोड़ लिए और इसमें सबसे बड़ा योगदान डेविड वार्नर (David Warner) और मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) का रहा।
David Warner ने किया यादगार प्रदर्शन
इन दोनों बल्लेबाजों ने बेहतरीन शतक जड़े और रिकॉर्ड तोड़ साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। आपको बता दें, मिचेल मार्श ने इस मैच में 108 गेंदों में 121 रनों की पारी खेली और डेविड वार्नर के साथ पहले विकेट के लिए 259 रनों की साझेदारी की।
इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 124 गेंदों का सामना करते हुए 14 चौको और नौ छक्कों की मदद से 163 रनों की यादगार पारी खेली। लेकिन पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ वार्नर की इस शानदार पारी पर विराम लगाने में कामयाब हुए।
ऐसे हुआ David Warner की यादगार पारी का अंत
हारिस रऊफ की कामयाबी के बाद एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में उपस्थित सभी क्रिकेट फैंस ने डेविड वार्नर को स्टैंडिंग ओवेशन दिया और जमकर तालियां बजाते हुए उन्हें विदाई दी। आपको बता दें, डेविड वार्नर को हारिस रऊफ द्वारा आउट किए जाने से पहले दो बार जीवनदान मिला था, लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया की पारी के 43वें ओवर की दूसरी गेंद पर कैच आउट हो गए।
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने धीमी गेंद के साथ वार्नर की अद्भुत पारी का अंत किया, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई ओपनर धीमी गेंद की उम्मीद नहीं कर रहे थे, और वह कनेक्शन बनाने में कामयाब नहीं हो सके। नतीजन, शादाब खान ने लॉन्ग-ऑन पर वार्नर का आसान कैच लपककर रऊफ को खुश होने का मौका दे दिया।