टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले न्यूजीलैंड को लगा तगड़ा झटका, चोटिल होने की वजह से त्रिकोणीय सीरीज से बाहर हुए डेरिल मिशेल - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले न्यूजीलैंड को लगा तगड़ा झटका, चोटिल होने की वजह से त्रिकोणीय सीरीज से बाहर हुए डेरिल मिशेल

नेट्स में बल्लेबाजी अभ्यास के दौरान मिचेल के दाहिने हाथ में चोट लगी जिसके बाद उनके इसी हाथ का एक्स-रे किया गया। इस एक्स-रे में पता चला कि उनके हाथ की कनिष्ठा उंगली (सबसे छोटी उंगली) में फ्रैक्चर हो गया है।

Daryl Mitchell. (Photo by Gareth Copley-ICC/ICC via Getty Images)
Daryl Mitchell. (Photo by Gareth Copley-ICC/ICC via Getty Images)

16 अक्टूबर से टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की शुरुआत होने वाली है। इस मुख्य टूर्नामेंट से पहले अभी तक कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके चोटिल होने की खबर सामने आई है। इस लिस्ट में सबसे नवीनतम खिलाड़ी है न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिशेल। बता दें, मिशेल को अभ्यास सत्र के दौरान हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जिसकी वजह से 7 अक्टूबर से शुरू हुए त्रिकोणीय सीरीज से उनको बाहर कर दिया गया है।

बता दें, यह त्रिकोणीय सीरीज मेजबान न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच में खेली जा रही है। इस सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 21 रन से मात दी। अब जब टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को शुरू होने में 10 दिन से भी कम समय रह गया है तब मिशेल कि यह चोट न्यूजीलैंड के लिए काफी घातक साबित हो सकती है।

नेट्स में बल्लेबाजी अभ्यास के दौरान मिचेल के दाहिने हाथ में चोट लगी जिसके बाद उनके इसी हाथ का एक्स-रे किया गया। इस एक्स-रे में पता चला कि उनके हाथ की कनिष्ठा उंगली (सबसे छोटी उंगली) में फ्रैक्चर हो गया है। टीम के फिजियो थियो कापाकौलाकिस के मुताबिक उनकी इस चोट को ठीक होने में कम से कम 2 हफ्ते का समय लगेगा और इसी वजह से उन्हें इस त्रिकोणीय सीरीज से बाहर कर दिया गया है।

डेरिल मिशेल की कमी हमें इस त्रिकोणीय सीरीज में जरूर महसूस होगी: गैरी स्टीड

15 अक्टूबर को न्यूजीलैंड टीम ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगी और इससे पहले हेड कोच गैरी स्टीड ने कहा है कि हम मिशेल की चोट को ठीक होने में थोड़ा और समय देंगे और यही कोशिश करेंगे कि टी-20 वर्ल्ड कप में वो जरूर खेले।

गैरी स्टीड ने कहा कि, ‘यह हमारे लिए अच्छी खबर नहीं है कि डेरिल मिशेल को इस शानदार त्रिकोणीय सीरीज से पहले ही चोट लग गई। वो हमारे टी-20 दल के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं और इस ट्राई सीरीज में हमें उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की कमी जरूर खलेगी। हमारे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले मैच के लिए भी 2 हफ्ते से कम समय रह गया है और इससे पहले हम उनकी चोट को ठीक होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद करता हूं कि जल्द से जल्द वो पूरी तरह से ठीक हो जाए।’

इस त्रिकोणीय सीरीज में न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने डेरिल मिशेल के बदलाव की घोषणा नहीं की है लेकिन जल्द ही उनका नाम भी बता दिया जाएगा। इस त्रिकोणीय सीरीज का फाइनल मैच 14 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में होगा। कीवी टीम अपना पहला मैच टीम 8 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी।

close whatsapp