धर्मशाला में नहीं चला ‘किलर मिलर’ का जादू, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नीदरलैंड ने मैच में बनाई पकड़
इस मैच में डेविड मिलर का विकेट लोगन वेन बीक ने लिया।
अद्यतन - अक्टूबर 17, 2023 10:20 अपराह्न

(Pic Source-Twitter)
इस समय आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 15वां मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड ने 43 ओवर में 8 विकेट खोकर 245 रन बनाए।
नीदरलैंड की ओर से टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 69 गेंदों में 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 78* रनों की जबरदस्त पारी खेली और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
हालांकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही और उनके लगातार अंतराल में विकेट गिरते रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर भी इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे और 52 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 43 रनों की पारी खेली।
इस मैच में डेविड मिलर का विकेट लोगन वेन बीक ने लिया। दक्षिण अफ्रीका की पारी का 31वां ओवर लेकर आए लोगन वेन बीक ने काफी अच्छी गेंद फेंकी जिसको मिलर बिल्कुल भी नहीं समझ पाए और बोल्ड हो गए।
दक्षिण अफ्रीका को यह मैच जीतने के लिए 43 ओवर में 246 रनों की जरूरत
स्कॉट एडवर्ड्स के अलावा रूलोफ़ वैन डेर मर्व ने 19 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 29 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इन दोनों ने 8वें विकेट के लिए 64 रनों की जबरदस्त साझेदारी की। अंत में आर्यन दत्त ने 9 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 29 रनों की नाबाद पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से अनुभवी गेंदबाज कगिसो राबाडा ने 9 ओवर में 56 रन देखकर दो विकेट अपने नाम किया जबकि मार्को जानसेन ने आठ ओवर में 27 रन देकर दो विकेट हासिल किए। बता दें, अगर दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड के खिलाफ मैच जीतना है तो उन्हें 43 ओवर में 246 रन बनाने होंगे। फिलहाल दक्षिण अफ्रीका टीम काफी मुश्किल स्थिति में है और उनके यहां से मैच जीतना असंभव लग रहा है।