“मूर्खता होगी..”: डेविड वार्नर ने मांकडिंग को लेकर MCC द्वारा किये गए अहम बदलाव पर तोड़ी चुप्पी
भारत के दिग्गज आलराउंडर वीनू मांकड़ ने 1947 में दो बार आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज बिल ब्राउन को मांकडिंग प्रणाली से आउट किया था।
अद्यतन - मार्च 11, 2022 1:55 अपराह्न

क्रिकेट कानूनों के प्रबंधक मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने 9 मार्च को क्रिकेट के नौ नियमों में संशोधन किए है, जो इस साल अक्टूबर से प्रभावी होंगे। इन संशोधित नियमों में कुख्यात ‘मांकडिंग‘ के नियम में संशोधन सुर्खियों में बना हुआ। अगर गेंदबाज के गेंद फेंकने से पहले अगर कोई नॉन-स्ट्राइकर बल्लेबाज रन के लिए आगे निकल जाता है, तो ऐसे में गेंदबाज उसे आउट कर सकता है।
मांकडिंग प्रणाली पूर्णतया क्रिकेट के नियमों के अधीन आता है, लेकिन इस तरह से आउट किए जाने पर गेंदबाज की काफी आलोचना की जाती है, जिस पर अब MCC ने अहम फैसला लिया है। MCC ने ऐलान किया है कि मांकडिंग द्वारा अगर किसी बल्लेबाज को आउट किया जाता है तो अब इसे अनुचित नहीं माना जाएगा, बल्कि अब क्रिकेट कानूनों के प्रबंधक ने इसे रन-आउट के रूप में वर्गीकृत किया है।
MCC ने इस विवादास्पद तरीके को ‘अनुचित खेल’ से हटाकर रनआउट की श्रेणी में शामिल कर लिया है, जिसके लिए ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने MCC की सराहना की है।
डेविड वार्नर ने कहा मांकडिंग खेल भावना से जुड़ा मुद्दा है
हालांकि, डेविड वार्नर का अब भी मानना है कि यह खेल भावना से जुड़ा मुद्दा है, लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि गेंदबाज के गेंद फेंकने से पहले अगर बल्लेबाज अपनी क्रीज छोड़ते हैं, तो रन आउट के लिए बल्लेबाजों की पूरी जिम्मेदारी होगी, और उन्हें अनावश्यक रूप से अपना विकेट खोने से बचाना चाहिए, क्योंकि क्रिकेट के नियम उन्हें पहले से ही पता होते है।
डेविड वार्नर ने news.com.au के हवाले से कहा, “मेरा अब भी मानना है कि खेल का इतिहास हमें बताता है कि यह खेल भावना से जुड़ा मुद्दा है। आप खिलाड़ियों से ऐसा करने की उम्मीद नहीं करते है। मैं इस तथ्य से सहमत हूं कि यदि आप बैक अप ले रहे हैं, और आप लंबे समय से अपनी क्रीज से बाहर हैं (आप निष्पक्ष है)। मुझे लगता है कि मांकडिंग के मामले 50 ओवर के क्रिकेट और मुख्य तौर पर टी-20 क्रिकेट में देखे गए है, जब बल्लेबाज रन के लिए पहले ही आगे निकल जाता है।”
एक बल्लेबाज के रूप में आपको अपनी क्रीज पर रहना चाहिए, और अनावश्यक रूप से अपना विकेट खोने से बचाना चाहिए। उन्होंने अंत में कहा इसमें कोई संदेह नहीं है कि यदि आप इस तरह से पकड़े जाते है तो यह आपकी गलती है, यह एक मूर्खता होगी। जब खिलाड़ियों को पहले से ही पता होता है कि गेंदबाज के गेंद छोड़ने से पहले बल्लेबाज को क्रीज नहीं छोड़ना चाहिए, तो ऐसा न करें।