शुभमन की बहन शहनील गिल को ट्रोल करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही, दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा
आज यानी 24 मई को दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।
अद्यतन - मई 24, 2023 6:51 अपराह्न

भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल की बहन शहनील गिल को कुछ लोगों ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम गुजरात टाइटंस मुकाबले के बाद अपशब्द कहे थे जिसको लेकर दिल्ली महिला आयोग ने सख्त कदम उठाने की मांग की है। आज यानी 24 मई को दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।
इस नोटिस की मानें तो दिल्ली महिला आयोग की चीफ स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि 26 मई तक विस्तृत कार्यवाही रिपोर्ट उनके तक पहुंच जानी चाहिए। दरअसल 21 मई को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 70वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को गुजरात टाइटंस के खिलाफ करारी शिकस्त मिली थी। इस हार की वजह से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के प्लेऑफ में क्वालीफाई नहीं कर पाए।
गुजरात टाइटंस की ओर से शुभमन गिल ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और नाबाद मैच जिताऊ शतक जड़ा। उन्होंने RCB के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं हो पाई और इसी वजह से उनके फैंस ने शुभमन गिल की बहन शहनील गिल को सोशल मीडिया पर अपशब्द कहे। दिल्ली महिला आयोग की चीफ स्वाति मालीवाल की मानें तो यह बहुत ही गलत बात है कि आप शुभमन गिल की बहन को सिर्फ इसलिए अपशब्द कह रहे हैं क्योंकि आपकी टीम एक मुकाबला हार गई। ऐसा बिल्कुल भी नहीं होना चाहिए।
उन सभी के ऊपर कार्यवाही की जाएगी जिन्होंने शहनील गिल को सोशल मीडिया पर अपशब्द कहे हैं: स्वाति मालीवाल
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक दिल्ली महिला आयोग की चीफ ने कहा कि, ‘उन्हें सोशल मीडिया पर बलात्कार और हमले की धमकी भी दी जा रही है जो आपराधिक केस है।’ स्वाति ने आगे कहा कि, ‘जो भी शुभमन गिल की बहन शहनील गिल की आलोचना कर रहे हैं उनके ऊपर सख्त से सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। यह देख कर मुझे बहुत बुरा लग रहा है कि कुछ लोगों की टीम अगर एक मुकाबला हार गई है तो वो इसका गुस्सा शहनील गिल पर निकाल रहे हैं। यह सही बात नहीं है।’
Delhi Commission for Women takes suo-moto cognizance of certain social media posts targeting the sister of cricketer Shubman Gill, issues notice to Delhi Police seeking registration of FIR and orders the police to submit a detailed action taken report by 26th May. pic.twitter.com/C1pXiEnrIa
— ANI (@ANI) May 24, 2023
स्वाति मालीवाल ने यह भी कहा कि हमने पहले भी उन लोगों पर सख्त कार्यवाही की है जिन्होंने विराट कोहली की बेटी को गाली दी थी और अब हम उनके ऊपर भी कार्यवाही करेंगे जिन्होंने गिल की बहन को अपशब्द कहें हैं।’