क्या गौतम गंभीर की यह गलती बनी टीम इंडिया के हार का कारण? उठ रहे सवाल
दिग्गजों का तर्क है कि भारतीय टीम की हार का मुख्य कारण नए कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के प्रयोग हैं।
अद्यतन - अगस्त 5, 2024 5:31 अपराह्न

Gautam Gambhir: टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में एकतरफा जीत हासिल करते देख फैंस को लगा कि जीत का ये सिलसिला वनडे सीरीज में भी जारी रहेगा। लेकिन स्टार खिलाड़ियों की टीम लेकर रोहित शर्मा वो काम नहीं कर पाए जो सूर्यकुमार ने युवा टीम बनाकर किया।
वनडे सीरीज का पहला मैच बराबर करने वाली टीम इंडिया को दूसरे वनडे मैच में 32 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा है। टीम की बैटिंग लाइनअप छोटे लक्ष्य के सामने भी लड़खड़ा गई, जो टीम की हार का कारण बनी। कई लोगों का तर्क है कि भारतीय टीम की हार का मुख्य कारण नए कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के प्रयोग हैं। इस आर्टिकल में आइए जानें गौतम गंभीर कहां गलती कर बैठे?
बैटिंग ऑर्डर में बदलाव की क्या जरूरत थी?
वनडे सीरीज में अब तक खेले गए दोनों मैचों में टीम के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव देखने को मिला। पहले वनडे में वॉशिंगटन सुंदर को चौथे नंबर पर उतारा गया था, लेकिन सुंदर सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। वहीं दूसरे मैच में कप्तान और कोच ने शिवम दुबे को लेकर भी यही गलती की और उन्हें नंबर-4 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा। शिवम दुबे इस मैच में खाता भी नहीं खोल सके और 4 गेंद खेलकर आउट हो गए।
ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब अनुभवी खिलाड़ी कोलंबो की स्पिन अनुकूल पिच पर रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तो अनुभवहीन दुबे और सुंदर को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजने की क्या जरूरत थी? इसके अलावा तमाम फैन्स ये सवाल भी उठा रहे हैं कि रोहित शर्मा ने पहले वनडे में हुई गलती से क्यों सीख नहीं ली?
सोशल मीडिया पर हेड कोच गंभीर के इन फैसलों को लेकर लोग लगातार सवाल कर रहे हैं। अब देखना है कि भारत तीसरा वनडे जीत कर सीरीज ड्रॉ करा पाता है या नहीं।