“हमें शाम 7 बजे तक नहीं पता था कि मयंक यादव डेब्यू करने वाला है”- तेज गेंदबाज की मां का बड़ा खुलासा
मयंक यादव ने फेंकी है IPL 2024 की सबसे तेज गेंद।
अद्यतन - अप्रैल 4, 2024 3:35 अपराह्न

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। लखनऊ के लिए खेलते हुए मयंक ने IPL 2024 में डेब्यू किया और अपनी रफ्तार भरी गेंदबाजी से सभी को कायल किया। अपनी तेज गेंदबाजी प्रतिभा के कारण से 21 साल के मयंक यादव एक अलग ही मुकाम पर पहुंच चुके हैं।
मयंक ने इस सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए दो मुकाबले खेले हैं, इसमें उन्होंने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 27 रन देकर 3 विकेट झटके थे। उसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ सिर्फ 14 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। बेंगलुरु के खिलाफ मयंक ने IPL 2024 की सबसे तेज 156.7 kph की रफ्तार से गेंद फेंकी।
मयंक यादव के डेब्यू को लेकर उनकी मां ममता यादव ने किया बड़ा खुलासा
आज तक के साथ बातचीत के दौरान मयंक यादव की मां ने कहा कि, ‘हम बेहद खुश हैं कि वो अच्छा कर रहा है और लोग उसके बारे में बात कर रहे हैं। वो एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर है और लोगों को उसकी तरफ से और भी अच्छा प्रदर्शन देखने को मिलेगा। वो 2 साल पहले ही वेजिटेरियन बन गया था, क्योंकि वो भगवान कृष्ण को बहुत ज्यादा मानता है। मुझे पूरी उम्मीद है कि वो एक दिन भारतीय टीम के लिए जरूर खेलेगा।”
उनकी मां ने एक और खुलासा करते हुए बताया कि, हम में से किसी को ये नहीं पता था कि मयंक डेब्यू करने वाला है। पंजाब के खिलाफ मैच के दिन शाम 7 बजे हमें यह पता चला कि, वो डेब्यू करने वाला है। मयंक ने अपने डेब्यू मैच में तीन विकेट लिए और इसके बाद आरसीबी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि इस सीजन मयंक के इस प्रदर्शन को देखते हुए ये भी कहा जा रहा है कि इस साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में उन्हें मौका मिल सकता है। मयंक की मां ममता यादव ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए क्रिकेट में अपने बेटे के अच्छे भविष्य के लिए कामना की।