श्रीलंकाई कप्तान ने BCCI द्वारा मोहाली टेस्ट के शुरू होने से पहले लिए गए इस बड़े फैसले को लेकर जताई अपनी खुशी
मोहाली टेस्ट मैच श्रीलंकाई टीम का 300वां टेस्ट मैच होगा।
अद्यतन - मार्च 4, 2022 3:31 अपराह्न

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज (4 मार्च) को मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह मुकाबला भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए काफी खास होगा क्योंकि यह उनका 100वां टेस्ट मैच होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पहले इस मुकाबले में कोरोना के चलते दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति न देने का फैसला लिया था। लेकिन बाद में BCCI ने अपने फैसले को बदलते हुए 50 प्रतिशत दर्शकों को अनुमति देने का फैसला किया।
BCCI के इस फैसले पर श्रीलंकाई टेस्ट टीम के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने प्रतिक्रिया दी है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के मैदान में प्रदर्शन को लेकर कई दिग्गज खिलाड़ियों द्वारा सराहना की जाती है। 33 वर्षीय ने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। कोहली ने अभी तक अपने 99 टेस्ट मुकाबलों में 50.4 की औसत से 7962 रन बनाये हैं और वह 68 मैचों में 40 जीत के साथ भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी रहे हैं।
श्रीलंका के टेस्ट टीम के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने मुकाबले से पहले एक प्रेस कांफ्रेंस BCCI के फैसले की सराहना की और कहा “विराट कोहली के 100वें टेस्ट मैच में बीसीसीआई द्वारा 50 प्रतिशत दर्शकों को अनुमति देने का एक अच्छा फैसला है।”
“देश के 300वें टेस्ट में कप्तानी करने का एहसास बहुत अच्छा है”- दिमुथ करुणारत्ने
मेहमान टीम के लिए यह मैच 300वां टेस्ट मुकाबला होगा, श्रीलंका ने 1982 में टेस्ट खेलने वाले देश के रूप में पदार्पण किया। अभी तक श्रीलंका ने 95 मुकाबले अपने नाम किये हैं जबकि टीम को 113 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। वहीं 91 मैच ड्रॉ रहे हैं. मेहमान टीम ने भारत में एक भी टेस्ट मुकाबला अपने नाम नहीं किया है।
श्रीलंका के कप्तान ने मुकाबले से पहले कहा “देश के 300वें टेस्ट में कप्तानी करना यह एक बहुत अच्छा अहसास है, मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी। यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। मैं श्रीलंका के लिए सर्वश्रेष्ठ परिणाम देने की पूरी कोशिश करूंगा।”