सिराज को लेकर दिनेश कार्तिक की भविष्यवाणी, कहा- वनडे वर्ल्ड कप में उनकी जगह…..
इस समय वनडे के नंबर एक गेंदबाज हैं मोहम्मद सिराज।
अद्यतन - फरवरी 25, 2023 10:16 पूर्वाह्न

अनुभवी भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने हाल ही में अपने आरसीबी टीम के साथी मोहम्मद सिराज की जमकर तारीफ की है। हाल के दिनों में मोहम्मद सिराज ने रेड बॉल और व्हाइट बॉल दोनों से ही शानदार प्रदर्शन किया है, उसकी वजह से वो हाल ही में वनडे के नंबर एक गेंदबाज भी बने। वहीं सिराज की तारीफ करते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा कि यह भारतीय तेज गेंदबाज निस्संदेह इस साल के अंत में होने वाले 50 ओवर के विश्व कप का हिस्सा होगा।
मोहम्मद सिराज ने पिछले एक साल में अपने खेल में काफी सुधार किया है, शायद इसी वजह से अब उनकी गिनती टीम इंडिया के प्रमुख गेंदबाजों में की जाती है। वहीं इसी बीच दिनेश कार्तिक को लगता है कि आईपीएल 2022 के प्रदर्शन ने सिराज को अच्छा करने के लिए प्रेरित किया। उसके बाद से ही उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन करके उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में खुद को साबित किया है।
वहीं कार्तिक ने ये भी कहा कि अगर तेज गेंदबाज सिराज अपनी फिटनेस को बनाए रख सकते हैं तो वह रेड-बॉल क्रिकेट में भारत के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक बन सकते हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वो रेड बॉल क्रिकेट में 300 से अधिक विकेट भी ले सकते हैं।
सिराज को लेकर दिनेश कार्तिक का बड़ा बयान
क्रिकबज के शो ‘Rise of New India’ में दिनेश कार्तिक ने कहा कि, “2023 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप टीम में मोहम्मद सिराज जरूर शामिल होंगे। वह उस स्थान के काबिल हैं और उसे पाने का हक रखते हैं। आईपीएल 2022 ने उन्हें अपने करियर में असफलताओं को हैंडल करना सिखाया है और उन्होंने उससे काफी कुछ सीखा है। मुझे लगता है कि वह एक ऐसे क्रिकेटर होंगे, जिनके बारे में लोग कहेंगे कि उन्हें कभी चोट नहीं लगती।”
दिनेश कार्तिक ने आगे कहा कि, “वह कम से कम 300 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह एक बेहतरीन टेस्ट गेंदबाज हैं। उनकी काबिलियत असल में टेस्ट क्रिकेट के लिए हैं और इसलिए मुझे लगता है कि वह इस फॉर्मेट में कम से कम 300 विकेट जरूर लेंगे। उसके बाद उनकी काबिलियत वनडे क्रिकेट के लिए है और टी-20 फॉर्मेट में उन्हें अभी भी कुछ चीजें सीखनी होगी।”