IND vs AUS: तो इस वजह से इंदौर टेस्ट नहीं खेलेंगे केएल राहुल, दिनेश कार्तिक ने बताई बड़ी वजह
दिल्ली टेस्ट की दोनों पारियों में केएल राहुल ने कुल 18 रन बनाए थे।
अद्यतन - Feb 21, 2023 5:53 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस समय चार मैचों की बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। टीम इंडिया ने भले ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच जीत लिए हों पर, इस दौरान केएल राहुल की फाॅर्म भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का सबब बनी हुई है।
बता दें कि दिल्ली टेस्ट मैच की पहली पारी में केएल राहुल ने 17 तो दूसरी पारी में 1 रन बनाया था। वह दूसरी पारी में नाथन लियोन की गेंद पर राहुल शाॅर्ट फाइन लेग पर शाॅट खेलना चाहते थे पर गेंद उनसे मिस हो गई और एज लगकर विकेट के पीछे मुस्तैद एलेक्स कैरी ने कोई गलती न करते हुए एक बेहतरीन कैच लपका था।
तो वहीं इस मैच में केएल राहुल के प्रदर्शन ने उनके टीम इंडिया से बाहर होने के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम किया। दूसरी तरफ दिनेश कार्तिक जिन्होंने राहुल के साथ काफी क्रिकेट खेला है, उनका मानना है कि राहुल इंदौर में 1 मार्च से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट मैच से बाहर सिर्फ इसलिए नहीं होंगे कि पिछले मैच में वो किस तरह आउट हुए, बल्कि साउथ अफ्रीका के दौरे के बाद से उनका लगातार खराब प्रदर्शन करना इसकी बड़ी वजह होगा।
राहुल को लेकर दिनेश कार्तिक ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के दौरान इंग्लिश कंमेंट्री पैनल का हिस्सा दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज के साथ एक बात-चीत में केएल राहुल को लेकर बड़ा बयान दिया है। कार्तिक ने कहा- वह खुद इस बात को जानता है कि वह अगले टेस्ट मैच से बाहर हो सकता है। यह एकाएक और एक पारी की बदौलत नहीं होगा, उसका पिछले 5-6 से टेस्ट मैच से यही हाल है।
कार्तिक ने आगे कहा- सब जानते हैं कि वह एक क्लास प्लेयर हैं। उसके आंकड़े भी तीनों प्रारूपों में शानदार हैं। वक्त के इस समय पर, मुझे नहीं लगता वह खराब टेक्निक की वजह से बाहर होगा। उसे बस खेल से कुछ समय के लिए दूर रहने की जरूरत हैं और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में वह नए तरीके से वापसी करे।