'कुछ करके आना नहीं तो वापस मत आना'- जब शाहबाज अहमद के पिता ने दी थी उन्हें चेतावनी - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘कुछ करके आना नहीं तो वापस मत आना’- जब शाहबाज अहमद के पिता ने दी थी उन्हें चेतावनी

शाहबाज अहमद ने अपने डेब्यू मैच में 10 ओवर में 54 रन देकर 1 विकेट झटका।

shahbaz ahmed (pic source-twitter)
shahbaz ahmed (pic source-twitter)

9 अक्टूबर को रांची में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारत की ओर से शाहबाज अहमद ने अपना अंतरराष्ट्रीय वनडे डेब्यू किया। वो वनडे में टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले 247वें खिलाड़ी बने। भले ही इस मुकाबले में अहमद को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला हो लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया।

शाहबाज अहमद ने दूसरे वनडे मैच में 10 ओवर में 54 रन देकर 1 विकेट झटका। ये विकेट सलामी बल्लेबाज जानेमन मलान का था। मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान शिखर धवन ने इस युवा ऑलराउंडर की जमकर तारीफ की।

बता दें, शाहबाज अहमद का यही सपना था कि वो पेशेवर क्रिकेट खेले और इसी वजह से उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ दी और हरियाणा से कोलकाता आ गए। अहमद के पिता उनके इस फैसले से खुश नहीं थे और उन्होंने एक बार भारतीय ऑलराउंडर को क्रिकेटिंग करियर को लेकर कड़ी चुनौती भी दे दी थी। NDTV के मुताबिक शाहबाज अहमद के भारतीय डेब्यू के बाद जान अहमद ने कहा कि, ‘मैंने उससे उस दिन कहा कुछ करके घर वापस आना वरना मत आना।’

शाहबाज की मां ने आगे कहा कि, ‘लेकिन मेरे बच्चे को खुद पर पूरा भरोसा था। यहां तक कि शाहबाज के कॉलेज के प्रोफेसरों ने भी बोल दिया था कि वो यह बहुत ही गलत कदम उठा रहे हैं क्योंकि वो काफी अच्छे छात्र हैं। लेकिन शाहबाज ने अपने डिपार्टमेंट के हेड से कहा कि, ‘1 दिन आप मुझे मेरी डिग्री देंगे और मुझे सम्मानित भी करेंगे।’ और ऐसा पिछले साल हुआ भी।’

दूसरा वनडे मैच भारत ने 7 विकेट से जीता

बात करें इस मुकाबले की तो पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 278 रन बनाए। टीम की ओर से रीज़ा हेंड्रिक्स ने 76 गेंदों में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 74 रन बनाए जबकि एडन मार्करम ने 89 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 79 रन बनाए।

जवाब में भारतीय टीम ने श्रेयस अय्यर के 111 गेंदों में 113 रन की शानदार शतकीय पारी की बदौलत इस मैच को 45.5 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। अय्यर ने अपनी पारी में 15 चौके जड़े। उनके अलावा इशान किशन ने 84 गेंदों में 93 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 7 छक्के जड़े।

close whatsapp