पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन को लेकर अब रोहित को देनी पड़ रही है सफाई - क्रिकट्रैकर हिंदी

पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन को लेकर अब रोहित को देनी पड़ रही है सफाई

पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन रहा था निराशाजनक।

Rohit Sharma. (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma. (Photo Source: Twitter)

वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी पांच मैचों की T20I श्रृंखला से पहले, टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने पिछले साल T20 विश्व कप में भारत के प्रदर्शन को लेकर सफाई दी है। 2021 के टी-20 वर्ल्ड कप में भारत लगातार दो हार के बाद नॉकआउट फेज से आगे बढ़ने में विफल रहा था और उसके बाद फैंस और एक्सपर्ट ने खिलाड़ियों की काफी आलोचना की थी।

हालांकि, रोहित और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में, भारत ने हाल ही में इंग्लैंड की सीरीज तक एक भी T20I श्रृंखला नहीं हारी है। जब से रोहित शर्मा टीम इंडिया के कप्तान बने हैं तब से भारत ने एक अलग ब्रांड का क्रिकेट खेलना शुरू किया है और यहां टीम इंडिया को काफी हद तक सफलता भी मिली है।

पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के प्रदर्शन को लेकर रोहित का जवाब

रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी-20 मैचों की सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘हम पिछले वर्ल्ड कप में अच्छे परिणाम हासिल नहीं कर पाए थे लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हमने इतने सालों में खराब क्रिकेट खेला है और मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि हम रूढ़िवादी क्रिकेट खेल रहे थे। अगर हम वर्ल्ड कप में एक या दो मैच हारते हैं इसका मतलब यह नहीं कि हमने मौकों का फायदा नहीं उठाया।

उन्होंने कहा, ‘अगर आप वर्ल्ड कप से पहले हमारे प्रदर्शन को देखें तो हमने लगभग 80 प्रतिशत मैच जीते। अगर हमने सही तरीका अपनाया तो फिर हम इतने मैच कैसे जीत सकते थे। यह सही है कि हम वर्ल्ड कप में हार गए थे, लेकिन ऐसा होता है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम खुलकर नहीं खेल रहे थे।’

रोहित ने कहा, ‘बाद में हमने कोई बदलाव नहीं किया। हम पहले की तरह ही खेल रहे थे लेकिन खिलाड़ियों को अपना नैसर्गिक खेल खेलने के लिए अधिक छूट दी गई थी। खुलकर खेलो और किसी तरह का बेवजह दबाव मत लो। अगर आप खुलकर खेलते हैं तो प्रदर्शन में वह दिखेगा।’

हिटमैन ने कहा कि भारतीय टीम और उसके फैन्स को इस तरह के बदलावों के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा, ‘हम अभी जिस तरह की क्रिकेट खेल रहे हैं उसमें कभी-कभी हारना आम बात है लेकिन इसमें कोई परेशानी नहीं क्योंकि हम कुछ सीख रहे हैं और कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं।’

close whatsapp