ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022: पाकिस्तान के खिलाफ भारत किस्मत से जीती: फारुख इंजीनियर
'इस मैच को कौन भूल सकता है? मुझे लगता है कि 2019 वर्ल्ड कप में हुए इंग्लैंड-न्यूजीलैंड फाइनल से ज्यादा यह मुकाबला रोमांचक था': फारुख इंजीनियर
अद्यतन - अक्टूबर 26, 2022 2:41 अपराह्न

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज फारुख इंजीनियर का मानना है कि 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में किस्मत ने भारतीय टीम का खूब साथ दिया, जिसकी वजह से वो इस मैच को अपने नाम कर पाई।
बता दें, रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को इस मैच में 4 विकेट से मात दी। 90 हजार से ज्यादा दर्शक इस मैच को देखने के लिए मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) आए थे और तमाम लोगों ने इस खेल का लुफ्त उठाया।
मैच की बात की जाए तो 160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम एक समय 31 रन पर अपने शुरुआती चार विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और शानदार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के बीच पांचवें विकेट के लिए 113 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। जहां एक तरफ विराट कोहली ने 154.7 के स्ट्राइक रेट से 53 गेंदों में 82* रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली वहीं हार्दिक पांड्या ने बहुमूल्य 40 रन बनाए।
पाकिस्तान से ज्यादा किस्मत भारत के साथ थी: फारुख इंजीनियर
फारुख इंजीनियर ने क्रिकट्रैकर के शो रन की रननीति में कहा कि, ‘जिस तरीके की पारी विराट कोहली ने खेली वो काफी सराहनीय थी और चाहे भारतीय प्रशंसक हो या पाकिस्तानी प्रशंसक, सब ने इस पारी की जमकर तारीफ की। क्या मुकाबला था वो, मेरा मतलब है कि हमने एक ही ओवर में सब कुछ देख लिया। पहले हमने रनआउट देखा फिर स्टंपिंग देखी। इस ओवर में एक वाइड और एक नो गेंद भी थी। यह वाकई कमाल का मुकाबला था।’
फारुख इंजीनियर ने आगे कहा कि, ‘इस मैच को कौन भूल सकता है? मुझे लगता है कि 2019 वर्ल्ड कप में हुए इंग्लैंड-न्यूजीलैंड फाइनल से ज्यादा यह मुकाबला रोमांचक था। इसमें कभी भी कुछ भी हो जा रहा था और किसी को उम्मीद नहीं थी कि आगे क्या होगा।’
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘ मैं यह कहना चाहूंगा कि उस दिन किस्मत ने भारत का साथ दिया क्योंकि अंपायर के फैसले भी उनकी तरफ गए और जिस तरह से उन्होंने अंतिम ओवरों में मुकाबले का रुक मोड़ा वह भी काफी शानदार रहा। किस्मत पूरी तरह से भारत के साथ थी। विराट कोहली ने भी शानदार बल्लेबाजी की।’