दलीप ट्रॉफी 2022: चिंतन गाजा का थ्रो वेंकटेश अय्यर की गर्दन पर लगा, देखें तस्वीरें - क्रिकट्रैकर हिंदी

दलीप ट्रॉफी 2022: चिंतन गाजा का थ्रो वेंकटेश अय्यर की गर्दन पर लगा, देखें तस्वीरें

वेंकटेश अय्यर उस समय 6 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे जब ये हादसा हुआ।

venkatesh iyer (source-twitter)
venkatesh iyer (source-twitter)

पश्चिम जोन और मध्य जोन के बीच चल रहे दलीप ट्रॉफी के सेमी-फाइनल मुकाबले में वेंकटेश अय्यर को गेंदबाज चिंतन गाजा का थ्रो गर्दन पर लगा। अय्यर उस समय 6 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे जब ये हादसा हुआ। इस हादसे के बाद ऑलराउंडर को दर्द से कराहते हुए देखा गया और उन्हें मैदान से बाहर ले जाने के लिए एंबुलेंस को आना पड़ा।

हालांकि अय्यर ने स्ट्रेचर का उपयोग ना करके, चलते हुए मैदान से बाहर जाने का फैसला किया। अय्यर को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा और निश्चित रूप से, कोयंबटूर के एसएनआर क्रिकेट कॉलेज ग्राउंड में तमाम प्रशंसक इस बात से काफी दुखी हो गए। ऐसा इसलिए क्योंकि मध्य जोन को उस समय इस ऑलराउंडर की बेहद जरूरत थी।

टीम अपने 5 विकेट मात्र 66 रन पर गंवा चुकी थी और अय्यर और कप्तान करण शर्मा के ऊपर पूरी जिम्मेदारी आ गई थी कि वह अपनी टीम को मुश्किलों से बाहर निकालकर एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाए। हालांकि अच्छी खबर यह थी कि सातवां विकेट गिरने के बाद वेंकटेश फिर से मैदान पर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने कप्तान करण शर्मा के साथ बहुमूल्य साझेदारी की। बता दें, इससे पहले जयदेव उनादकट और अतीत सेठ ने पश्चिम जोन के लिए घातक गेंदबाजी की। जहां एक तरफ जयदेव उनादकट ने 24 रन देकर तीन विकेट झटके वहीं अतीत सेठ ने 2 विकेट अपने नाम किए।

कुमार कार्तिकेय ने मध्य जोन की ओर से झटके 5 विकेट

टॉस हारने के बाद पश्चिम जोन ने बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 257 रन बनाए। टीम की ओर से पृथ्वी शॉ ने 60 और राहुल त्रिपाठी ने 67 रन बनाए। इन दोनों के अलावा शम्स मुलानी ने 41 और तनुश कोटियन ने 36 रन की अहम पारी खेली।

मध्य जोन की ओर से कुमार कार्तिकेय ने पहली पारी में 5 विकेट झटके। इसके बाद मध्य जोन अपनी पहली पारी में 128 रन पर ऑल आउट हो गए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पश्चिम जोन 3 विकेट खोकर 130 रन बना चुकी है। पृथ्वी शॉ 104* और अरमान जाफर 7* रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।

close whatsapp