Bristol में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैरी ब्रूक ने खेली तूफानी पारी, एडम जम्पा के एक ही ओवर में जड़े 3 गगनचुंबी छक्के
हैरी ब्रूक ने इस मैच में 52 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 72 रन बनाए।
अद्यतन - Sep 29, 2024 9:07 pm

इस समय इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवा और अंतिम वनडे मैच ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेला जा रहा है। मुकाबले में इंग्लैंड की ओर से इन्फॉर्म बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए बहुमूल्य अर्धशतकीय पारी खेली। ब्रूक ने 52 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 72 रन बनाए।
अपनी इस पारी के दौरान दाएं हाथ के बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया। यही नहीं हैरी ब्रूक ने एडम जम्पा के एक ही ओवर में तीन गगनचुंबी छक्के जड़े। ब्रूक ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलिया के शानदार स्पिनर के ऊपर दबाव बनाए रखा।
एडम जम्पा के इस मैच के दूसरे ओवर में उन्होंने पहला छक्का डीप मिडविकेट की ओर जड़ा, जबकि दूसरा छक्का ब्रूक ने लांग ऑन की ओर मारा। तीसरा छक्का भी उधर की तरफ काफी शानदार था।
यहां देखें वीडियो:
Into the flats 🏬
Into the toilets 🚽
Into the car park 🚗
He's hitting it everywhere! 💥 pic.twitter.com/16qdMvKWAc— England Cricket (@englandcricket) September 29, 2024
भले ही हैरी ब्रूक ने इस मैच में एडम जम्पा के खिलाफ एक ही ओवर में तीन छक्के जड़े, लेकिन इंग्लिश बल्लेबाज का विकेट ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने ही झटका। हैरी ब्रूक के अलावा बेन डकेट ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 107 रनों की पारी खेली। डकेट ने अपनी इस पारी के दौरान 13 चौके और दो छक्के जड़े, जबकि फिलिप साल्ट ने 45 रनों का योगदान दिया।
इस समय यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। शुरुआती दो मुकाबले हारने के बाद मेजबान इंग्लैंड ने इस वनडे सीरीज में काफी अच्छी वापसी की और तीसरा और चौथा वनडे मैच अपने नाम किया। इंग्लैंड के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि उनके सभी खिलाड़ी काफी अच्छे फॉर्म में है। बता दें कि, पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने सभी विकेट खोकर 309 रन बनाए हैं। आदिल रशीद ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 36 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया को यह मैच जीतने के लिए 310 रनों की जरूरत है।