ENG vs NZ 2026: दूसरे टेस्ट से पहले बढ़ीं इंग्लैंड से मुश्किलें, ओली रॉबिन्सन चोट के चलते बाहर
रॉबिन्सन ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था।
अद्यतन - जून 15, 2026 2:15 अपराह्न

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 17 जून से द ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन घुटने में परेशानी के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। हालांकि टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह 25 जून से नॉटिंघम में शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट तक फिट होकर वापसी कर सकते हैं।
रॉबिन्सन ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था। दो साल से अधिक समय बाद टेस्ट टीम में लौटे इस गेंदबाज ने कुल सात विकेट लेकर इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
ट्रेनिंग के दौरान बढ़ी परेशानी
रिपोर्ट्स के अनुसार, रॉबिन्सन को ट्रेनिंग के दौरान घुटने में दर्द महसूस हुआ। इसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने उनके स्कैन कराने का फैसला किया। मेडिकल टीम ने कोई जोखिम नहीं लेने का निर्णय लिया और उन्हें दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया। फिलहाल वह टीम के साथ बने रहेंगे और उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रखी जाएगी।
हेनरी क्रोकॉम्बे को मिला मौका
रॉबिन्सन की अनुपस्थिति में ससेक्स के तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकॉम्बे को टीम में शामिल किया गया है। क्रोकॉम्बे ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। इस सीजन काउंटी चैम्पियनशिप के डिवीजन वन में उन्होंने 21 विकेट लिए हैं। इसके अलावा हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ इंग्लैंड लायंस के लिए भी प्रभावशाली गेंदबाजी की थी।
इंग्लैंड पहले से ही कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन की गैरमौजूदगी से जूझ रहा है। अब रॉबिन्सन के बाहर होने से टीम की तेज गेंदबाजी और कमजोर हो गई है। ऐसे में जोफ्रा आर्चर, मैथ्यू फिशर और सॉनी बेकर पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी।
वहीं बेन स्टोक्स की वापसी को लेकर भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। डरहम के मुख्य कोच रयान कैंपबेल ने बताया कि क्लब को स्टोक्स की उपलब्धता पर ECB की अंतिम मंजूरी का इंतजार है। इंग्लैंड को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कुछ अनुभवी खिलाड़ी फिर से टीम के लिए उपलब्ध हो सकेंगे।