ENG vs SL: इंग्लैंड दौरे के लिए दासुन शनाका की श्रीलंकाई टीम में वापसी, चरित असलंका को टी-20 में मिला मौका
श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान।
अद्यतन - सितम्बर 3, 2026 12:49 अपराह्न

ENG vs SL: श्रीलंका ने इंग्लैंड दौरे के लिए अपनी वनडे और टी20 इंटरनेशनल टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में अनुभवी ऑलराउंडर दासुन शनाका की वापसी हुई है। वहीं, युवा स्पिनर सचिंदु कोलंबागे को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। श्रीलंका का इंग्लैंड दौरा 15 सितंबर से शुरू होगा।
दासुन शनाका करीब दो साल बाद वनडे टीम में वापसी करेंगे। उन्होंने श्रीलंका के लिए अब तक 71 वनडे मैच खेले हैं और इनमें 43 मुकाबलों में टीम की कप्तानी भी की है। हालांकि, वनडे में उनका बल्लेबाजी औसत 22.39 रहा है। ऐसे में उनकी कोशिश इस वापसी को शानदार प्रदर्शन में बदलने की होगी।
श्रीलंका ने मिलान रथनायके और प्रमोद मदुशन को वनडे टीम से बाहर कर दिया है। वहीं, सचिंदु कोलंबागे को पहली बार मौका मिला है। चरिथ असलंका की भी टी20 टीम में वापसी हुई है। उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी।
इसके बाद लंका प्रीमियर लीग में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। असलंका ने टूर्नामेंट में 385 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 153.38 रहा। इस प्रदर्शन के बाद उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का उपकप्तान बनाया गया है। कुसल मेंडिस दोनों फॉर्मेट में श्रीलंका की कप्तानी करेंगे। टी20 टीम में लाहिरु उदारा, जनिथ लियानागे और थारिंदु रथनायके को भी मौका मिला है।
15 सितंबर से शुरू होगा दौरा
श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच तीन टी20 मैच 15, 17 और 19 सितंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद 22 सितंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी। वनडे मुकाबले चेस्टर-ले-स्ट्रीट, लीड्स और द ओवल में खेले जाएंगे। इस दौरे पर श्रीलंका की नजर मजबूत प्रदर्शन के साथ अपनी टीम को अगले बड़े टूर्नामेंटों के लिए तैयार करने पर होगी।
ये भी पढ़ें – ‘भारत भी तो आयरलैंड से हारा’ – पाकिस्तान क्रिकेट की चौतरफा आलोचनाओं के बीच बोले PCB चीफ मोहसिन नकवी