ENG vs NZ: गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को वर्षा बाधित लाॅर्ड्स टेस्ट में 115 रनों से हराया
मुकाबले में इंग्लैंड के ओली राॅबिन्सन ने 7 विकेट झटके
अद्यतन - जून 7, 2026 7:19 अपराह्न

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम इस समय तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर है। तो वहीं, आज 7 जून को दोनों टीमों के बीच लंदन के ऐतिहासिक लाॅर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर जारी पहला टेस्ट मैच खत्म हुआ, जिसमें मेजबान टीम ने 115 रनों से जीत हासिल की।
वर्षा बाधित इस मुकाबले में इंग्लैंड ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते जीत हासिल की और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मुकाबले में इंग्लैंड टीम में काफी समय बाद वापसी कर रहे कमबैक किंग ओली राॅबिन्सन ने 7 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवाॅर्ड दिया गया।
इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, पहले टेस्ट मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो न्यूजीलैंड ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 39.4 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद महज 140 रनों के स्कोर पर अपने सारे विकेट गंवा दिए।
इंग्लैंड की ओर से पहली पारी में हैरी ब्रूक 56 रन बनाकर टाॅप स्कोरर रहे। तो कीवियों के लिए पहली पारी में कायल जैमिंसन ने 5 विकेट हाॅल अपने नाम किया। तो नाथन स्मिथ को 3 और विलियन ओ रूर्क को 2 विकेट मिले।
इसके बाद, न्यूजीलैंड की ओर से पहली पारी में बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन देखने को मिला। उनकी पहली पारी 29.5 ओवरों में महज 113 रनों पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड 27 रनों की छोटी बढ़त लेने में सफल रही। इंग्लैंड की ओर से पहली पारी में ओली राॅबिन्सन ने 5 विकेट लिए, तो जोश टंग को 3 और गस एटकिंसन को 2 विकेट मिले।
इसके बाद, इंग्लैंड ने दूसरी पारी में शानदार वापसी करते हुए 56 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 226 रन बनाए और न्यूजीलैंड के सामने दूसरी पारी में जीत के लिए 254 रनों का लक्ष्य रखा।
इसके बाद, जब न्यूजीलैंड इस टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह इंग्लैंड की शानदार गेंदबाजी के सामने 40.3 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 138 रनों पर सिमट गई। न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स 44 रन बनाकर नाबाद रहे, तो डेवाॅन काॅन्वे ने 41 रन बनाए। इसके अलावा और कोई खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
तो वहीं, इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में गस एटकिंसन ने पांच विकेट हाॅल अपने नाम किया, तो ओली राॅबिन्सन व जोश टंग को 2-2 विकेट मिले। इसके अलावा बेन स्टोक्स को 1 विकेट मिला।