इंग्लैंड के अंतरिम कोच पॉल कॉलिंगवुड ने स्थायी भूमिका में दिखाई दिलचस्पी, इस बड़े पद पर टिकी हैं निगाहें
पॉल कॉलिंगवुड ने कहा उन्हें हमेशा से ही राष्ट्रीय टीम के साथ काम करना पसंद रहा है।
अद्यतन - मार्च 22, 2022 5:54 अपराह्न

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के अंतरिम कोच पॉल कॉलिंगवुड की नजर अब राष्ट्रिय टीम के पूर्णकालिक कोच की भूमिका पर है। पूर्व गेंदबाजी ऑलराउंडर ने इंग्लैंड के पूर्णकालिक मुख्य कोच बनने की इच्छा व्यक्त की है, और साथ ही कहा है कि राष्ट्रीय टीम पहले से बेहतर जगह पर है।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने ऑस्ट्रेलिया में अपमानजनक एशेज सीरीज में हार के बाद क्रिस सिल्वरवुड को बर्खास्त कर पॉल कॉलिंगवुड को राष्ट्रीय टीम का अंतरिम कोच नियुक्त किया था। आपको बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान साल 2015 में सीमित ओवरों के सलाहकार के रूप में और बाद में फील्डिंग कोच के रूप में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए थे।
बीबीसी स्पोर्ट से बात करते हुए, 45 वर्षीय पॉल कॉलिंगवुड ने कहा उन्हें हमेशा से ही राष्ट्रीय टीम के साथ काम करना पसंद रहा है। अंतरिम कोच ने वेस्टइंडीज में जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के प्रदर्शन पर अपने विचार रखते हुए कहा इंग्लैंड टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
पॉल कॉलिंगवुड की नजर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्णकालिक कोच की भूमिका पर है
पॉल कॉलिंगवुड ने कहा: “मैंने हमेशा इंग्लैंड के साथ काम करना पसंद किया है, और जब तक मैं राष्ट्रीय टीम में योगदान दें सकता हूं, मैं खुश रहूंगा। यह इस बात पर निर्भर करता है कि मुझे कौन सी नौकरी की पेशकश की जा रही है। इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है जब तक प्रबंध निदेशक से कोई पेशकश नहीं आती है। मुझे इंतजार करना होगा। अंतरिम कोच के रूप में मेरा लक्ष्य वेस्टइंडीज सीरीज में बेहतर और मजबूत प्रदर्शन करना है। टीम ने पहले ही बेहतर प्रदर्शन किया हैं।”
अंतरिम कोच ने कहा इंग्लैंड टीम के पास अधिक जिम्मेदारी है, और वे इसका आनंद ले रहे हैं। जब आपको कोई प्रतिक्रिया मिलती है, और आप खिलाड़ियों के रवैये को देखते हैं, तो इससे आपको खुशी मिलती हैं। वह बस टीम में एक अंतर लाना चाहते है, और योगदान देना चाहते है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दोनों टेस्ट ड्रॉ रहे, लेकिन पॉल कॉलिंगवुड को उम्मीद है कि उन्हें तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में परिणाम मिलेगा, और वे दौरे पर जीतने के लिए आए हैं।