रियान पराग के खराब प्रदर्शन से काफी नाराज हैं वीरेंद्र सहवाग, GT के खिलाफ मुकाबले के बाद RR के बल्लेबाज को जमकर लगाई फटकार
16 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से मात दी।
अद्यतन - Apr 17, 2023 7:21 pm

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने राजस्थान रॉयल्स के ऑलराउंडर रियान पराग के खराब प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाया है। बता दें, 16 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से मात दी।
इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की ओर से कप्तान संजू सैमसन और शिमरन हेटमायर ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। रियान पराग जिनके लिए अभी तक यह सीजन इतना अच्छा नहीं रहा है वो गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए।
तमाम लोग इस चीज को लेकर काफी हैरान है कि आखिर क्यों रियान पराग को राजस्थान रॉयल्स लगातार मौके दे रही है। इस सीजन में उन्होंने 4 मुकाबले खेले हैं और 108.33 के स्ट्राइक रेट से पराग ने मात्र 39 रन बनाए हैं। अब इसी को लेकर वीरेंद्र सहवाग ने भी अपना पक्ष सबके सामने रखा है।
राजस्थान मैनेजमेंट भी यही सोच रहा होगा कि आखिर उन्हें कितने समय तक रियान पराग को अपना समर्थन देना होगा: वीरेंद्र सहवाग
गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स मुकाबले के बाद वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा कि, ‘जो खिलाड़ी बाहर बैठे हुए हैं उनको यह सोचने का पूरा हक है कि आखिर उन्हें मौके क्यों नहीं दिए जा रहे हैं। अब राजस्थान मैनेजमेंट भी यही सोच रहा होगा कि रियान पराग को और कितना सपोर्ट करना चाहिए। अगर उन्हें भारत के लिए खेलना है तो यही प्लेटफार्म है जहां उन्हें अच्छा प्रदर्शन करना है नहीं तो वो बेंच पर भी बैठ सकते हैं।’
दिल्ली के पूर्व ऑलराउंडर रजत भाटिया भी इसी पैनल में बैठे हुए थे। उन्होंने कहा कि, ‘राजस्थान रॉयल्स मैनेजमेंट ने रियान पराग पर काफी दांव लगाया है और अभी तक पराग टीम मैनेजमेंट की उम्मीदों पर खड़े नहीं उतर पाए हैं। टीम अभी भी अच्छे स्थान पर है और वो बदलाव कर सकते हैं। जिन खिलाड़ियों को बेंच पर बैठाया हुआ है उनको मौका ना देना गलत बात होगी।
अगर कोई खिलाड़ी फिट है तो वो इस भूमिका में नजर आ सकता है। पराग को मौके काफी दिए जा चुके हैं और वो उन मौकों को अच्छी तरह से भुना नहीं पाए हैं।’