श्रेयस अय्यर ने टेस्ट क्रिकेट में अपने पहले मैच को याद कर कुछ इस तरह दी प्रतिक्रिया
श्रेयस अय्यर ने टेस्ट क्रिकेट में अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली थी।
अद्यतन - Mar 21, 2022 8:14 pm

भारतीय टीम के शानदार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर मौजूदा समय में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उसके बाद श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भी भारतीय टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
दांए हाथ के बल्लेबाज ने 2021 में टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले टेस्ट शानदार शतकीय पारी खेली थी जिसमें उन्होंने पहली पारी में 105 रन बनाये थे जबकि दूसरी पारी में भारतीय टीम के लिए 65 रनों का योगदान दिया था। अय्यर ने अभी तक कुल 4 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें वह 55.4 के औसत से 388 रन बना चुकें हैं।
श्रेयस अय्यर ने क्रिकेट के तीनो प्रारूपों में खेला है उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपने नेतृत्व में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को साल 2020 के सीजन में फाइनल तक पहुंचाया था। IPL 2022 में वह कोलकाता नाइट राइडर्स की कमान संभालते नजर आएंगे। दांए हाथ के बल्लेबाज ने अपने डेब्यू मैच को लेकर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है।
“हर बच्चा उसके बारे में सपने देखता है”- श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर ने रेड बुल कंटेंट पूल के हवाले से कहा “पिछले छह महीनो में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। मैं पहले कंधे की चोट से बाहर आया और फिर अपने डेब्यू टेस्ट मैच में शतक लगाया। डेब्यू में शतक लगाना हर खिलाड़ी का सपना होता है, मुझे मिले इस अवसर के लिए मैं आभारी था। मेरे लिए टेस्ट कैप जीतना महत्वपूर्ण था और हर बच्चा इसके बारे में सपने देखता है।”
उन्होंने आगे कहा “उसके बाद हम साउथ अफ्रीका दौरे पर गए जहां मुझे पेट दर्द हुआ और वह एक संक्रमण था। समय के साथ चीजें अच्छी और बुरी भी हुई हैं लेकिन मुझे मिली सारी उपलब्धियों को मैं आशीर्वाद के रूप में लूंगा। मैं अपनी इस गति को जारी रखना चाहूंगा।”
दांए हाथ के बल्लेबाज ने केएल राहुल के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा “साउथ अफ्रीका में उनके नेतृत्व में खेलना काफी अच्छा था। वह एक उच्च स्तर के खिलाड़ी हैं। वह मैदान पर और टीम की बैठकों में आत्मविश्वास रखते हैं और खिलाड़ियों का सहयोग करते हैं। वह बहुत शांत हैं और मैदान में सरलता से निर्णय लेते हैं। मुझे उनके नेतृत्व में खेलना अच्छा लगता है और वह मेरे पसंदीदा कप्तान हैं।”