इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए पाकिस्तान के सुरक्षा इंतजामों पर हैरी ब्रुक ने दिया मजेदार बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए पाकिस्तान के सुरक्षा इंतजामों पर हैरी ब्रुक ने दिया मजेदार बयान

इंग्लैंड ने पाकिस्तान के अपने ऐतिहासिक दौरे की शुरुआत पहले T20I मैच में 6 विकेट की जीत के साथ की।

Harry Brook (Image Source: Getty Images)
Harry Brook (Image Source: Getty Images)

इंग्लैंड क्रिकेट टीम 17 वर्षों बाद पाकिस्तान के ऐतिहासिक दौरे पर आई है, और 20 सितंबर को कराची में खेले गए पहले T20I मैच के दौरान पाकिस्तान के फैंस ने मेहमान टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया। आपको बता दें, इंग्लैंड ने सात मैचों की T20I सीरीज का पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ छह विकेट से जीतकर शानदार अंदाज में इस ऐतिहासिक दौरे के शुरुआत की।

चूंकि इंग्लैंड साल 2005 के बाद पहली बार पाकिस्तान के दौरे पर है, इसलिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मेहमान टीम की सुरक्षा से लेकर मेहमाननवाजी में कोई कमी नहीं छोड़ी है। आपको बता दें, न्यूजीलैंड ने पिछले साल वनडे सीरीज शुरू होने के कुछ ही समय पहले टीम की सुरक्षा पर खतरा मंडराने की खबर के बाद पाकिस्तान दौरे को रद्द कर दिया था, जिसके कारण पाकिस्तान को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।

पीसीबी (PCB) ने इंग्लैंड के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए है

हालांकि, न्यूजीलैंड के इस आलोचनात्मक कदम के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान का दौरा किया था, और अब सुरक्षा मंजूरी के बाद इंग्लैंड इस ऐतिहासिक दौरे पर है। इंग्लैंड के इस दौरे के साथ ही सही मायनों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पाकिस्तान में लौटा है, जिसके लिए PCB को काफी मसक्कत करनी पड़ी।

इस बीच, इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने खुलासा किया कि कैसे पीसीबी (PCB) ने उनके लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए है। हैरी ब्रूक ने मैच के बाद मजाकिया अंदाज में बताया: “मैं जब भी वॉशरूम जाता हूं, तो हर बार कोई न कोई मेरे पीछे होता है। मैंने पहले कभी ऐसा कुछ अनुभव नहीं किया है, लेकिन यह अच्छा है, हम यहां बहुत सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हम सभी  पाकिस्तान दौरे और इस कड़ी सुरक्षा का आनंद ले रहे हैं।”

आपको बता दें, श्रीलंका क्रिकेट टीम की बस पर साल 2009 में हुए आंतकी हमले के बाद सभी टीमों ने पाकिस्तान दौरों का बहिष्कार कर दिया था, लेकिन कुछ वर्षों बाद वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और श्रीलंका जैसी टीमों ने दोबारा पाकिस्तान की धरती पर कदम रखना शुरू किया। अब कोई भी बड़ी टीम इस एशियाई देश का दौरा करने से नहीं कतराती है, लेकिन पीसीबी (PCB) को इसके लिए कड़ी सुरक्षा तैनात करनी होती है।

close whatsapp